लग्जरी कार में बने तहखाने से 121.68 लीटर शराब बरामद

फोटो :- 1. जब्त शराब व कार के साथ गिरफ्तार तस्कर | Prabhat Khabar Network
बिहार-झारखंड सीमा पर उत्पाद विभाग ने लग्जरी कार में बने गुप्त तहखाने से 121.68 लीटर शराब बरामद की है। बोकारो से नवादा जा रहे तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
शराब की खेप ले जा रही लग्जरी कार जब्त, तस्कर गिरफ्तार चितरकोली जांच चौकी पर उत्पाद बलों की कार्रवाई सीटों के नीचे और इंडिकेटर के पीछे छिपाकर रखे थे टेट्रा पैक, बोकारो से नवादा जा रही थी खेप प्रतिनिधि, रजौली बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. लग्जरी कार में बने तहखाने से शराब की बड़ी खेप जब्त की गयी है. साथ ही एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सघन वाहन जांच के दौरान की गयी. शराब तस्कर शराब की खेप पहुंचाने के लिए तरह-तरह के नायाब तरीके अपनाते हैं, लेकिन उत्पाद बलों की पारखी नजरों से बच नहीं पाते हैं. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बिहार में मद्य निषेध कानून को प्रभावी बनाने को लेकर झारखंड की ओर से आनेवाले छोटे-बड़े सभी वाहनों की सघन जांच उत्पाद बलों की ओर से की जाती है. इस जांच अभियान का नेतृत्व अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं. मंगलवार को झारखंड की ओर से आ रही महिंद्रा मराजो लग्जरी कार संख्या जेएच12के2560 को जांच के लिए रोका गया. जांच के दौरान कार की सभी सीटों के नीचे बने तहखानों और इंडिकेटरों के पीछे छिपाकर लायी जा रही शराब बरामद की गयी. जब्त शराब में 180 एमएल वाले ऑफिसर चॉइस के 676 टेट्रा पैक शामिल हैं. बरामद शराब की कुल मात्रा 121.680 लीटर है. शराब के साथ कार में सवार तस्कर सह चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान बोकारो जिले के पेंक थाना क्षेत्र के गोनियटो गांव निवासी चिंतामन साव के पुत्र संजय कुमार साव के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह शराब की खेप बोकारो से नवादा ले जा रहा था. इसी दौरान रजौली जांच चौकी पर पकड़ा गया. जब्त शराब और लग्जरी कार के साथ गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि तस्कर से अन्य जानकारी जुटाई जा रही है. गिरफ्तार आरोपित को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा. मौके पर उत्पाद बल के साथ गृहरक्षक के जवान मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










