Kaimur News : सुवरन नदी में डूबने से देनवां गांव के युवक की मौत

बहन के घर वरुणा गांव में रहकर युवक करता था मजदूरी
भभुआ सदर. थाना क्षेत्र के वरुणा गांव के समीप सुवरन नदी में डूबने से 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गयी. मृत युवक की पहचान देनवां गांव निवासी ददन बिंद के बेटा रामावतार बिंद के रूप में की गयी. मृतक के बड़े पिता बासदेव बिंद ने बताया कि युवक पिछले दो महीने से अपनी बहन के ससुराल वरुणा गांव में रहकर मेहनत मजदूरी करता था. शनिवार देर शाम आठ बजे के करीब वह वरुणा गांव के समीप से निकली सुवरन नदी के किनारे शौच करने के लिए गया था. पांव फिसलने से वह नदी में गिर गया. तैरने नहीं आने की वजह से वह नदी के गहरे पानी में डूब गया. इधर, दूसरे दिन रविवार सुबह जब वरुणा गांव के कुछ ग्रामीण नदी की ओर गये तब उन्हें इसकी जानकारी हुई. इसके बाद युवक के शव को नदी से निकाला गया. फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. भभुआ थाने की पुलिस ने पंचनामा करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया. इधर, घटना की जानकारी पर बसपा नेता और नगर पर्षद के अध्यक्ष विकास तिवारी सदर अस्पताल पहुंचे व परिजनों से घटना की जानकारी ली. उन्होंने मृतक के परिजनों को दाह-संस्कार के लिए पांच हजार रुपये की मदद करते हुए भभुआ अंचलाधिकारी से बात कर पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार की राशि दिलाने को कहा. सीओ ने जल्द ही आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. बसपा नेता विकास तिवारी ने बताया कि इस बरसात के सीजन में आये दिन नदी और तालाब में डूबने से किसी न किसी की जान जा रही है. इसको लेकर प्रशासन और सरकार को जल जीवन हरियाली से पंचायतों आदि में खतरनाक तालाब और सरोवरों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए. ताकि, इस प्रकार की घटनाओं पर लगाम लगायी जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




