Saran News : डेरनी में चाकू मार कर युवक की हत्या, गांव में पसरा मातम
Published by : SHAH ABID HUSSAIN Updated At : 01 Sep 2025 9:02 PM
डेरनी थाना क्षेत्र के खोजौली मठिया के पास एक युवक की हमलावरों ने चाकू मार कर हत्या कर दी.
दरियापुर. डेरनी थाना क्षेत्र के खोजौली मठिया के पास एक युवक की हमलावरों ने चाकू मार कर हत्या कर दी. घटना रविवार की शाम की है. करीब साढ़े आठ बजे युवक का शव मठिया के पास खेत में मिला. शव देखने वालों ने ही युवक की पहचान खोजौली गांव के संजय सिंह के 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में की. परिजन वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही डेरनी थानाध्यक्ष प्रीति कुमारी व परसा पुलिस दलबल के साथ वहां पहुंची. फिर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देर रात में ही छपरा भेजा. बताया जा रहा है कि युवकों के दो गुटों में कुछ दिन पहले विवाद हो गया था. मृतक के गुट के कुछ लड़कों ने दूसरे गुट की पिटाई कर दी थी. वह गुट मृतक के गुट को खोज रहा था. बताया जा रहा है कि रविवार की शाम में दोनों गुट मठिया के पास इकट्ठे हो गये और झड़प शुरू हो गयी. मृतक का गुट कमजोर पड़ने लगा और भागने लगा. रौशन खेत की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और चाकू मार कर उसकी हत्या कर दी. हालांकि हत्या का किसी को पता नहीं चला. इस संबंध में मृतक के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस इस मामले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
इकलौते चिराग की हत्या से घर में मचा कोहराम
मृतक रौशन भाई में अकेला था. उसे एक बहन है. पिता एक इंश्योरेंस कंपनी में एजेंट का कार्य करते हैं. रौशन घर का इकलौता चिराग था. घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है. मां, बहन सहित अन्य परिजनों के रुदन क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया है. ग्रामीण भी इस घटना को लेकर शोक में है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










