हादसे में घायल व्यक्ति की मौत, विरोध में फैक्ट्री गेट जाम
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 14 Jun 2026 9:06 PM
रांची-पटना मुख्य मार्ग पर महतो आहर के समीप सड़क दुर्घटना
दुखद: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर महतो आहर के समीप सड़क दुर्घटना झुमरीतिलैया. तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित महतो आहर के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान गुमो निवासी 45 वर्षीय अनिल यादव (पिता बद्री यादव) के रूप में हुई है. घटना के विरोध में रविवार को परिजनों व ग्रामीणों ने शव को केमिकल फैक्ट्री गेट पर रखकर जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की. क्या है घटना: जानकारी के अनुसार, अनिल यादव शनिवार को एक फैक्ट्री से काम कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान केमिकल फैक्ट्री के डीजल टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और अनिल यादव गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल भेजा. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. शव पहुंचते ही आक्रोशित हुए लोग : रविवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजन और स्थानीय लोग केमिकल फैक्ट्री गेट पर शव रखकर धरने पर बैठ गये. परिजनों का कहना था कि अनिल यादव परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के समक्ष भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग की. सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस फैक्ट्री पहुंची और परिजनों को समझा कर जाम समाप्त कराया. पुलिस एवं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिये जाने के बाद स्थिति सामान्य हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










