खगड़िया में युवक की मौत पर थाने का घेराव, आक्रोशित भीड़ पर थानाध्यक्ष ने तान दी पिस्टल
Published by : Shruti Kumari Updated At : 30 May 2026 10:03 AM
थाना में उग्र भीड़ पर पिस्टल ताने थानाध्यक्ष
Khagaria news: मृतक की पहचान सबलपुर निवासी शत्रुघ्न पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पुलिस किसी मामले में सौरभ की तलाश कर रही थी. शुक्रवार देर रात पुलिस को उसके घर पर होने की सूचना मिली, जिसके बाद छापेमारी की गई.
खगड़िया गोगरी से रणवीर झा की रिपोर्ट:
Khagaria news: मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में पुलिस को देखकर भाग रहे एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने मोरकाही थाना पहुंचकर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की.
मृतक की पहचान सबलपुर निवासी शत्रुघ्न पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पुलिस किसी मामले में सौरभ की तलाश कर रही थी. शुक्रवार देर रात पुलिस को उसके घर पर होने की सूचना मिली, जिसके बाद छापेमारी की गई.
बताया जाता है कि पुलिस को देखकर सौरभ घर से भागने लगा. पीछा किए जाने के दौरान वह मालती धार नदी में कूद गया. बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण शव लेकर मोरकाही थाना पहुंच गए. इस दौरान लोगों ने हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई. हंगामे के दौरान थानाध्यक्ष अन्तिमा कुमारी के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति तनावपूर्ण होने पर थानाध्यक्ष ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में और आक्रोश फैल गया. हालांकि कुछ देर बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया. परिजनों ने थानाध्यक्ष पर कार्रवाई और उचित मुआवजा देने की मांग की है.
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










