खगड़िया में जलमीनार बनी शोभा की वस्तु, पेयजल संकट से जूझ रहे लोग

चौथम प्रखंड परिसर में स्थित जलमीनार, जहां नियमित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत है
Khagaria news: स्थानीय ठाकुरबाड़ी के पंडित मतीन्द्र नाथ मिश्र ने बताया कि प्रखंड परिसर स्थित जलमीनार से वर्ष में कभी-कभार एक-दो माह ही पानी की आपूर्ति होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर विभागीय कर्मी कभी बिजली रिचार्ज नहीं होने तो कभी मोटर खराब होने का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं.
चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट:
Khagaria news: चौथम प्रखंड परिसर में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित जलमीनार इन दिनों महज शोभा की वस्तु बनकर रह गई है. नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय ठाकुरबाड़ी के पंडित मतीन्द्र नाथ मिश्र ने बताया कि प्रखंड परिसर स्थित जलमीनार से वर्ष में कभी-कभार एक-दो माह ही पानी की आपूर्ति होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर विभागीय कर्मी कभी बिजली रिचार्ज नहीं होने तो कभी मोटर खराब होने का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं.
स्थानीय निवासी राजेश सिंह, सज्जन सिंह, फरेश सिंह, पंकज राय, मुन्ना राय और सुजीत कुमार ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना धरातल पर सफल होती नहीं दिख रही है. उनका कहना है कि जब प्रखंड मुख्यालय में स्थित जलमीनार की यह स्थिति है, तो ग्रामीण और दियारा क्षेत्रों में योजना की हालत का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.
ग्रामीणों का आरोप है कि जलमीनार निर्माण के बाद से उन्हें कभी भी नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि लंबे समय तक जलापूर्ति बंद रहने के कारण लोहे के पाइपों में जंग लग जाती है. इसके बाद जब पानी की आपूर्ति शुरू होती है तो नलों से लाल रंग का पानी निकलता है, जो पीने योग्य नहीं होता.
स्थानीय लोगों ने विभाग से अविलंब जलमीनार की मरम्मत कर नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
इस संबंध में पीएचईडी के कनीय अभियंता (जेई) ने बताया कि जलमीनार की मोटर में खराबी आ गई है. मोटर की मरम्मत कर जल्द ही नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










