न्यूटाउन के गेस्ट हाउस में छापा : 2.27 करोड़ कैश और सोना जब्त, 7 गिरफ्तार, हवाला व साइबर ठगी से जुड़े तार

इसी बिल्डिंग में पुलिस ने की छापेमारी.
WB Crime News: विधाननगर पुलिस ने न्यूटाउन के एक गेस्ट हाउस में बड़ी कार्रवाई की, जिसमें 2 करोड़ 27 लाख से अधिक नकदी और सोना जब्त किया गया है. इस मामले में एक महिला समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके तार हवाला और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े होने की आशंका है.
WB Crime News: बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत न्यूटाउन स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चली छापेमारी में पुलिस को भारी मात्रा में नकदी मिली है. पुलिस ने मौके से 2 करोड़ 27 लाख 85 हजार रुपए, 50 ग्राम सोना, नोट गिनने की कई मशीनें, 4 कार और एक स्कूटी जब्त की है. इस मामले में एक महिला समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार सभी अन्य राज्य के रहने वाले
गिरफ्तार सभी लोग बाहरी राज्यों के रहने वाले बताये जा रहे हैं. प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस मामले के तार बड़े हवाला रैकेट और ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस का अभियान करीब 12 घंटे तक चला. नकदी की गिनती के लिए मौके पर मशीनें मंगायी गयी थीं.

रातभर चला छापेमारी अभियान
पुलिस के अनुसार, विधाननगर सिटी पुलिस के डिटेक्टिव विभाग, टेक्नोसिटी थाने की पुलिस और विधाननगर साइबर क्राइम थाने की टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया. सोमवार रात शुरू हुई कार्रवाई मंगलवार सुबह तक जारी रही.
ये भी पढ़ें: बंगाल में फिर मिला ‘नोटों का पहाड़’, टीएमसी चेयरमैन की गिरफ्तारी के बाद बोरियों में भरा कैश बरामद
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधिकारियों की टीम ने न्यूटाउन के 20 नंबर टैंक के पास बालीगड़ी इलाके स्थित एक गेस्ट हाउस में छापेमारी की. पुलिस के कमरे में पहुंचते ही वहां बड़ी मात्रा में नकदी देखकर अधिकारी हैरान रह गये. जांच के दौरान तीन ट्रॉली में भरकर रुपए रखे थे.
हिरासत में लिये गये 7 लोगों से रात भर हुई पूछताछ
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कमरे में मौजूद सातों लोगों को हिरासत में लिया. रातभर पूछताछ के बाद मंगलवार सुबह सभी को गिरफ्तार कर लिया गया. गेस्ट हाउस के मालिक प्रसन्न कुमार राय से भी पुलिस संपर्क करने का प्रयास कर रही है.
हवाला और ऑनलाइन धोखाधड़ी के एंगल से जांच
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार लोगों में अधिकांश बाहरी राज्यों के निवासी हैं. जांच एजेंसियों को संदेह है कि गेस्ट हाउस के कमरों को किराये पर लेकर लंबे समय से हवाला कारोबार और अवैध तरीके से पैसों के लेनदेन का काम चल रहा था.
ये भी पढ़ें: दक्षिण 24 परगना के फालता में कटमनी के पैसे लौटा रहे तृणमूल कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता
गेस्ट हाउस में आती थी बड़ी-बड़ी गाड़ियां
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या यहां से ‘जामताड़ा मॉडल’ पर कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी गिरोह या अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था. स्थानीय सुरक्षा गार्डों ने पुलिस को बताया कि गेस्ट हाउस में रहने वाले लोगों की भाषा समझना मुश्किल था. उन्होंने यह भी बताया कि यहां अक्सर बड़ी-बड़ी गाड़ियां आती थीं, जिनमें संदिग्ध ट्रंक (लोहे के बक्से) लाये और ले जाये जाते थे.
नकदी बरामदगी पर गरमायी सियासत
भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गयी है. भाजपा ने इस मामले में विधाननगर के पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद देवराज चक्रवर्ती की संभावित संलिप्तता की आशंका जतायी है. भाजपा नेताओं का आरोप है कि बरामद करोड़ों रुपये की नकदी तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचार से जुड़ी हो सकती है. उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कर वास्तविक आरोपियों को सामने लाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में नया नोट कांड : कॉलेज के 2 गुप्त कमरों का ताला टूटा तो फटी रह गयीं आंखें, बैग से मिले सड़े-गले लाखों रुपए
हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी देबराज दास ने बताया कि गिरफ्तार सातों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इनमें एक दंपती भी शामिल है. उन्होंने कहा कि बरामद नकदी के वास्तविक स्रोत, इसके मालिक और पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह रकम साइबर ठगी से जुड़ी हो सकती है या फिर हवाला नेटवर्क के जरिये इसे ठिकाने लगाने की योजना थी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










