रेलवे ट्रैक पर रील बनाने और स्टंट करनेवालों पर सख्ती, 3 महीने में 6608 लोगों पर जुर्माना, 853 अरेस्ट

Updated:
विज्ञापन

रेलवे ट्रैक की तरफ भागती युवती, फोटो- AI

Indian Railways News: सोशल मीडिया पर रील बनाने और जानलेवा स्टंट करने के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर खतरनाक हरकतें करने वालों पर पूर्व रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की है. पिछले 3 महीनों में 853 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 6608 लोगों से 36.31 लाख रुपए से अधिक जुर्माना वसूला गया है.

विज्ञापन

Indian Railways News: सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत, लाइक्स और शेयर्स के चक्कर में रेलवे ट्रैक पर जानलेवा स्टंट करने और रील बनाने वालों पर पूर्व रेलवे ने सख्ती शुरू कर दी है. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पिछले 3 महीने में पश्चिम बंगाल और झारखंड से कम से कम 853 लोगों को अरेस्ट किया है. ये गिरफ्तारियां, हावड़ा, सियालदह, आसनसोल और मालदा रेल मंडलों में हुई हैं.

विज्ञापन

पूर्व रेलवे जोन के चारों मंडलों में 1 मई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक आरपीएफ ने स्टंटबाजों के खिलाफ कुल 828 मामले दर्ज किये. इनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत केस दर्ज करते हुए 853 लोगों को गिरफ्तार किया गया. 6,608 मामलों में जुर्माना वसूली की गयी. इससे कुल 33,12,900 रुपए की पेनल्टी और 3,18,220 रुपए का अदालती जुर्माना की वसूली की गयी.

सबसे ज्यादा गिरफ्तारी सियालदह और मालदा मंडल में

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सबसे ज्यादा गिरफ्तारी सियालदह और मालदा मंडल में हुई. इन दोनों मंडलों में 300-300 लोगों को गिरफ्तार किया गया. जुर्माना वसूली के मामले में हावड़ा मंडल सबसे आगे रहा. यहां 3,468 आरोपियों से जुर्माना वसूला गया.

ये भी पढ़ें: सियालदह स्टेशन पर 7 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लेगा रेलवे, 5 ट्रेनों को किया गया रद्द, यहां देखें लिस्ट

जान खतरे में डाल पटरियों को पार करते हैं लोग : आरपीएफ

पूर्व रेलवे का कहना है कि रेलवे पटरियों को अनधिकृत रूप से पार करने की वजह से लोगों की जान को खतरा रहता है. रेलवे ट्रैक ट्रेनों के लिए बने हैं. इसे पैदल पार करने की कोशिश न करें. यह तस्वीरें खींचने और सोशल मीडिया रील बनाने की भी जगह नहीं हैं. पटरियों पर थोड़ी-सी असावधानी या गलत निर्णय अनमोल जीवन को हमेशा के लिए खत्म कर सकता है.

स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

रेलवे सुरक्षा बल, पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा ने ट्रेनों या पटरियों पर किसी भी तरह का जोखिम भरा स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. सिन्हा ने कहा है कि रेलवे ट्रैक पर आवाजाही और जोखिम भरे सोशल मीडिया स्टंट करते पाये जाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें: हावड़ा में 60 घंटे का मेगा ब्लॉक : आज ही जान लें न्यू कॉम्प्लेक्स से चलने वाली 53 ट्रेनें कहां से चलेंगीं

किस तरह के स्टंट किये जा रहे थे?

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरपीएफ ने पाया कि लोग बेहद खतरनाक हरकतें कर रहे थे.

  • चलती ट्रेनों के दरवाजे पर लटककर खतरनाक स्टंट के वीडियो बना रहे थे.
  • रेलवे पटरियों के बीच खड़े होकर या ट्रेन के बेहद नजदीक प्री-वेडिंग फोटो शूट किये जाने जा रहे थे.
  • फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल न करके शॉर्टकट के लिए पटरियां पार करने वालों को भी पकड़ा गया.

स्टंटबाजों के खिलाफ मंडलवार कार्रवाई

  • हावड़ा मंडल : 96 मामलों में 97 लोगों की गिरफ्तारी हुई. 3,468 लोगों पर जुर्माना लगाया गया और उनसे 17,33,900 रुपए की वसूली की गयी. अदालत के आदेश पर 51,320 रुपए जुर्माना की वसूली हुई.
  • मालदा मंडल : 298 मामले दर्ज किये गये और 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया. 1,145 लोगों से 5,78,500 रुपए जुर्माना की वसूली की गयी. कोर्ट के आदेश पर 37,500 रुपए की जुर्माना की वसूली हुई.
  • सियालदह मंडल : 282 मामले दर्ज किये गये और 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया. 1,434 लोगों पर जुर्माना लगाकर उनसे 7,18,500 रुपए वसूले गये. कोर्ट के आदेश से कुल 1,38,500 रुपए जुर्माना वसूला गया.
  • आसनसोल मंडल : 152 मामलों में 156 लोगों की गिरफ्तारी हुई. 561 लोगों पर जुर्माना लगाकर 2,82,000 रुपए की वसूली की गयी. कोर्ट के आदेश से 90,900 रुपए जुर्माने के रूप में वसूले गये.

ये भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! हावड़ा-पटना वंदे भारत को मिला नया स्टॉपेज, जानें अब कहां-कहां रुकेगी सेमी हाई स्पीड ट्रेन

कोई भी रील या शॉर्टकट जान से ज्यादा कीमती नहीं : सीपीआरओ

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिबराम माझी ने कहा- कोई भी सोशल मीडिया वीडियो या शॉर्टकट, जान से ज्यादा कीमती नहीं हो सकता. जान है तो जहान है. मेरा लोगों से आग्रह है कि रेल यात्रा के दौरान रील्स में नहीं, असल जिंदगी में जियो. हर व्यक्ति की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola