होटल में काम करने वाले पिता के बेटे से बॉलीवुड के ‘अन्ना’ तक, सुनील शेट्टी की कहानी है बेहद खास
सुनील शेट्टी, फोटो - इंस्टाग्राम
सुनील शेट्टी, जिन्हें फैंस प्यार से ‘अन्ना’ कहते हैं, आज अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं. उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर बॉलीवुड में एक्शन हीरो के तौर पर खास पहचान बनाई. फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी सफलता हासिल की. आए जानते हैं उनकी जिंदगी और करियर से जुड़ी कुछ खास बातें.
हिंदी सिनेमा में 90 के दशक के लोकप्रिय एक्शन सितारों की बात हो और सुनील शेट्टी का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. दमदार आवाज, शानदार फिटनेस और एक्शन से भरपूर अंदाज ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई. फिल्मी दुनिया में उन्हें प्यार से ‘अन्ना’ भी कहा जाता है. आज यानी 11 अगस्त को सुनील शेट्टी अपना 65वां जन्मदिन मना रहे हैं. सुनील शेट्टी का सफर सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर सफलता हासिल करने की कहानी नहीं है. उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ कारोबार की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई. हालांकि, उनका शुरुआती जीवन आज की चमक-दमक से बिल्कुल अलग था.
पिता की मेहनत से मिली आगे बढ़ने की सीख
सुनील शेट्टी के पिता वीरप्पा शेट्टी का जीवन काफी संघर्ष भरा रहा. वह छोटी उम्र में मुंबई आए थे. परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के लिए उन्होंने होटल में कई तरह के काम किए. उन्होंने बर्तन धोने से लेकर मेज साफ करने और वेटर के तौर पर भी काम किया. सुनील अपने पिता को हमेशा अपना आदर्श मानते रहे हैं. पिता की मेहनत और सादगी ने उन्हें यह सिखाया कि जिंदगी में सफलता पाने के लिए मेहनत के साथ जमीन से जुड़े रहना भी जरूरी है.
View on Instagram
‘बलवान’ से शुरू हुआ फिल्मी सफर
सुनील शेट्टी ने साल 1992 में फिल्म ‘बलवान’ से बॉलीवुड में कदम रखा. उनकी पहली फिल्म में ही उनका एक्शन अंदाज दर्शकों को पसंद आया. इसके बाद उन्होंने एक्शन फिल्मों में अपनी मजबूत जगह बना ली. 90 के दशक में ‘मोहरा’, ‘दिलवाले’, ‘बॉर्डर’, ‘गोपीकिशन’ और ‘भाई’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग अंदाज देखने को मिले. खास तौर पर ‘बॉर्डर’ में भैरों सिंह का किरदार उनके यादगार किरदारों में शामिल है.
‘धड़कन’ में बदला अंदाज
सुनील शेट्टी ने अपने करियर में सिर्फ हीरो की भूमिकाएं नहीं निभाईं. फिल्म ‘धड़कन’ में उन्होंने देव का नकारात्मक किरदार निभाकर दर्शकों को चौंका दिया था. उनके इस किरदार को काफी पसंद किया गया और इसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला. इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि सुनील शेट्टी अलग तरह की भूमिकाएं निभाने में भी पीछे नहीं हैं.
View on Instagram
‘हेरा फेरी’ के श्याम ने बदली छवि
एक्शन फिल्मों में पहचान बनाने के बाद सुनील शेट्टी ने कॉमेडी में भी अपनी अलग जगह बनाई. साल 2000 में आई फिल्म ‘हेरा फेरी’ में उन्होंने श्याम का किरदार निभाया. अक्षय कुमार के राजू और परेश रावल के बाबूराव के साथ सुनील शेट्टी की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई. फिल्म की सफलता के बाद श्याम का किरदार उनकी सबसे लोकप्रिय भूमिकाओं में शामिल हो गया. ‘फिर हेरा फेरी’ में भी उनकी कॉमेडी को दर्शकों ने खूब पसंद किया.
अभिनय के साथ कारोबार में भी बनाया नाम
सुनील शेट्टी ने अपने फिल्मी करियर के साथ-साथ कारोबार पर भी ध्यान दिया. वह मनोरंजन, हॉस्पिटैलिटी, फिटनेस और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों से जुड़े रहे हैं. उन्होंने प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी काम किया और अपनी कंपनी के जरिए फिल्मों का निर्माण किया. इसके अलावा रेस्टोरेंट और दूसरे कारोबार में भी उनकी रुचि रही है. यही वजह है कि आज उन्हें सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि सफल कारोबारी के तौर पर भी देखा जाता है.
65 की उम्र में भी फिटनेस का जलवा
सुनील शेट्टी की फिटनेस आज भी चर्चा में रहती है. 65 साल की उम्र में भी वह खुद को काफी फिट रखते हैं. उनका मस्कुलर लुक, सॉल्ट एंड पेपर दाढ़ी और स्टाइलिश अंदाज सोशल मीडिया पर अक्सर लोगों का ध्यान खींचता है. युवाओं के बीच भी उनकी फिटनेस को लेकर काफी क्रेज है. वह कई मौकों पर लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करते नजर आते हैं.
इसलिए फैंस कहते हैं ‘अन्ना’
सुनील शेट्टी को प्यार से ‘अन्ना’ कहा जाता है. ‘अन्ना’ का मतलब बड़ा भाई होता है. सुनील शेट्टी का दक्षिण भारतीय परिवार से ताल्लुक है और उनके दमदार व्यक्तित्व, कड़क आवाज और एक्शन फिल्मों में रौबदार अंदाज की वजह से यह नाम उनकी पहचान बन गया. 90 के दशक में उनकी फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ने के साथ फैंस भी उन्हें ‘अन्ना’ कहकर बुलाने लगे.
ये भी पढ़ें: बिहार में अक्टूबर से फिल्म शूट करेंगे सुनील शेट्टी, 60 दिन चलेगी शूटिंग, बोले- बिहार-यूपी में फिल्म चल जाए तो सुपरहिट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










