मोदी-ट्रंप में सहमति : व्यापार मुद्दों पर जल्द होगी वाणिज्य मंत्रियों के स्तर की बैठक

Updated at : 28 Jun 2019 6:35 PM (IST)
विज्ञापन
मोदी-ट्रंप में सहमति : व्यापार मुद्दों पर जल्द होगी वाणिज्य मंत्रियों के स्तर की बैठक

ओसाका : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार से जुड़े विवादों पर शुक्रवार को अपनी चिंता व्यक्त की और मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच वाणिज्य मंत्री स्तर की बैठक जल्द आयोजित करने पर सहमति जतायी. ट्रंप ने अभी एक दिन पहले भारत से दलहन, बादाम […]

विज्ञापन

ओसाका : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार से जुड़े विवादों पर शुक्रवार को अपनी चिंता व्यक्त की और मुद्दों को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच वाणिज्य मंत्री स्तर की बैठक जल्द आयोजित करने पर सहमति जतायी. ट्रंप ने अभी एक दिन पहले भारत से दलहन, बादाम और अखरोट सहित कुछ अमेरिकी उत्पादों पर हाल में लगाए गए ऊंचे शुल्क वापस लेने की मांग की थी. दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में व्यापार एक महत्वपूर्ण पहलू है और यह तेजी से बढ़ रहा है. हालांकि, बीते महीनों में बाजार खोलने पर विवाद और प्रशुल्क बढ़ाने के कुछ मुद्दों को लेकर दोनों के बीच विवाद गहराने की आशंका पैदा हो गयी है.

इसे भी देखें : PM मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- भारत का टैरिफ में इजाफा स्वीकार नहीं, इसे हटाना होगा

विदेश सचिव विजय गोखले ने मोदी-ट्रंप के बीच हुई मुलाकात को लेकर संवाददाताओं को बताया कि दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने व्यापार से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने व्यापार पर बातचीत की. इस दौरान दोनों ने अपनी-अपनी चिंता जाहिर की और एक-दूसरे के हितों पर बात की. इस बात पर सहमति बनी है कि दोनों देशों के वाणिज्य मंत्री जल्द से जल्द बैठक करेंगे और व्यापार मोर्चे पर चल रहे मुद्दों को सुलझाने का प्रयास करेंगे.

गोखले ने कहा कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि व्यापार की तरजीही व्यवस्था (जीएसपी) से भारत को अलग किये जाने के बाद ही हमने अमेरिका के खिलाफ थोड़ी बहुत कार्रवाई की है. अब हमें इससे आगे बढ़ना चाहिए और इस बात पर विचार करना चाहिए, इन मुद्दों को कैसे सुलझाया जा सकता है. विदेश सचिव ने कहा कि ट्ंरप ने इस विचार का स्वागत किया है. मोदी-ट्रंप की मुलाकात के दौरान वहां अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइजर और वित्त मंत्री स्टीवन न्युचिन मौजूद रहे.

उन्होंने कहा कि इसलिए हम जल्द बैठक की उम्मीद कर रहे हैं. बैठक वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री या व्यापार प्रतिनिधि के स्तर पर होगी, इस पर फैसला होना बाकी है. गोखले ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सार्थक बातचीत हुई. हम चीजों को आगे लेकर जायेंगे. ट्रंप ने गुरुवार को कहा था कि अमेरिकी उत्पादों पर भारत का ऊंचा शुल्क अस्वीकार्य है और इसे वापस लिया जाना चाहिए.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप से मुलाकात के बाद ट्वीट में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ व्यापक चर्चा हुई. हमने प्रौद्योगिकी की ताकत का लाभ उठाने, रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों में सुधार के साथ-साथ व्यापार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि भारत अमरीका के साथ आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola