शेयर बाजारों में दो दिनों की गिरावट पर लगा ब्रेक, 425 अंक उछला सेंसेक्स
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Mar 2019 5:18 PM
मुंबई : शेयर बाजारों में पिछले दो दिनों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लग गया और बीएसई सेंसेक्स 425 अंक की छलांग लगाकर 38,000 अंक के ऊपर बंद हुआ. विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक तथा आईसीआईसीआई बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों की अगुवाई […]
मुंबई : शेयर बाजारों में पिछले दो दिनों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लग गया और बीएसई सेंसेक्स 425 अंक की छलांग लगाकर 38,000 अंक के ऊपर बंद हुआ. विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक तथा आईसीआईसीआई बैंक जैसी प्रमुख कंपनियों की अगुवाई में यह तेजी आयी. एनएसई निफ्टी भी 11,500 के स्तर के करीब पहुंच गया. डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी से भी शेयर बाजारों को बल मिला. कारोबार के दौरान रुपया 19 पैसे मजबूत होकर 68.77 पर पहुंच गया.
एशिया के अन्य बाजारों के अनुरूप घरेलू शेयर बाजारों में भी शुरुआत अच्छी रही, लेकिन यह सीमित दायरे में रहा, क्योंकि निवेशक सतर्क हैं. लिवाली गतिविधियां दोपहर बाद तेज हुई और इससे दोनों सूचकांक सेंसेक्स तथा निफ्टी में तेजी आयी. 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक में पूरे कारोबार के दौरान लगभग तेजी रही और लिवाली के जोर पकड़ने से एक समय यह दिन के ऊपरी स्तर 38,297.70 अंक तक चला गया. अंत में यह पिछले दिन के मुकाबले 424.50 अंक यानी 1.12 फीसदी की तेजी के साथ 38,233.41 अंक पर बंद हुआ. एनएसई निफ्टी भी 129 अंक यानी 1.14 फीसदी की तेजी के साथ 11,483.28 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 11,495.90 से 11,352.45 अंक के दायरे में रहा.
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज में सर्वाधिक तीन फीसदी की तेजी रही. अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 150.40 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12.52 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे. वैश्विक स्तर पर एशिया तथा यूरोप के प्रमुख बाजारों में तेजी रही. अमेरिकी बांड के रिटर्न में सुधार से बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा. इससे दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में मंदी की आशंका कमजोर हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










