सटोरियों की लिवाली के बीच 342 अंक उछला सेंसेक्स, बैंक शेयरों में तेजी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Feb 2019 5:14 PM
मुंबई : विदेशी एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों की भारी लिवाली के बीच सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में बीएसई सेंसेक्स 342 अंक उछलकर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिर से 10,800 के स्तर को पार कर गया. 30 शेयरों वाला सूचकांक 341.90 अंक या 0.95 फीसदी की बढ़त […]
मुंबई : विदेशी एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों की भारी लिवाली के बीच सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में बीएसई सेंसेक्स 342 अंक उछलकर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी फिर से 10,800 के स्तर को पार कर गया. 30 शेयरों वाला सूचकांक 341.90 अंक या 0.95 फीसदी की बढ़त के साथ 36,213.38 अंक पर बंद हुआ. शुक्रवार को सेंसेक्स 27 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था. वहीं, एनएसई निफ्टी 88.45 अंक या 0.82 फीसदी की तेजी के साथ 10,880.10 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 10,887.10 से 10,788.05 के दायरे में रहा.
इसे भी देखें : सेंसेक्स की तेज बढ़त: अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत
कारोबारियों के अनुसार, फरवरी माह में गुरुवार को डेरिवेटिव्स खंड में सौदों की समाप्ति से पहले सटोरियों के सौदा पूरा करने के लिए की गयी लिवाली से भी बाजार में तेजी आयी. इसके अलावा, एशिया के अन्य बाजारों में पांच महीने के उच्च स्तर पर पहुंचने तथा यूरोपीय शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी से भी बाजार को बल मिला.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा चीनी उत्पादों पर शुल्क लगाने की समयसीमा एक मार्च से आगे बढ़ाये जाने की घोषणा का वैश्विक बाजार पर सकारात्मक असर रहा. दोनों देशों के बीच बातचीत में उल्लेखनीय प्रगति से भी निवेशकों की धारणा को बल मिला. साथ ही, जीएसटी परिषद की रविवार को बैठक में बिना इनपुट टैक्स क्रेडिट के निर्माणधीन मकानों पर कर की दर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी करने से भी धारणा को बल मिला.
सेंसेक्स के जिन शेयरों में तेजी रही, उसमें यस बैंक, टीसीएस, इन्फोसिस, इंडस इंड बैंक, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, सन फार्मा, बजाज ऑटो, आईसीआईसीआई बैंक, वेदांता, हीरो मोटो कॉर्प, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा टाटा स्टील शामिल हैं. इनमें 3.24 फीसदी तक की तेजी आयी.
वहीं, कोल इंडिया, एसबीआई, कोटक बैंक, एशियन पेंट्स, एलएंडटी, ओएनजीसी, पावरग्रिड तथा आरआईएल में 0.37 फीसदी तक की गिरावट रही. इस बीच, अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने शुक्रवार को 6,311.01 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 838.88 करोड़ रुपये के मूल्य के शेयर खरीदे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










