ePaper

ऑटोमोबाइल और बैंक शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स ने लगाया 151 अंकों का गोता

Updated at : 11 Feb 2019 4:47 PM (IST)
विज्ञापन
ऑटोमोबाइल और बैंक शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स ने लगाया 151 अंकों का गोता

मुंबई : बंबई शेयर बाजार में सोमवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा. वाहन, बैंकिंग और रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स 151 अंक से अधिक टूट गया. वहीं, निफ्टी 10,900 अंक से नीचे बंद हुआ. औद्योगिक उत्पादन और मुद्रास्फीति के आंकड़े इसी सप्ताह आने हैं, जिसकी वजह से निवेशकों ने […]

विज्ञापन

मुंबई : बंबई शेयर बाजार में सोमवार को भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा. वाहन, बैंकिंग और रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से सेंसेक्स 151 अंक से अधिक टूट गया. वहीं, निफ्टी 10,900 अंक से नीचे बंद हुआ. औद्योगिक उत्पादन और मुद्रास्फीति के आंकड़े इसी सप्ताह आने हैं, जिसकी वजह से निवेशकों ने सतर्कता बरती. इसके अलावा, वैश्विक मोर्चे पर वृद्धि की चिंता की वजह से भी बाजार नीचे आया.

कारोबारियों ने कहा कि निवेशक अमेरिका-चीन व्यापर युद्ध तथा कंपनियों के उम्मीद से कमजोर तिमाही नतीजों को लेकर भी चिंतित हैं. बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सोमवार को 36,588.41 से 36,300.48 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंत में 151.45 अंक या 0.41 फीसदी के नुकसान से 36,395.03 अंक पर बंद हुआ. इससे पिछले दो कारोबारी दिनों में सेंसेक्स 429 अंक टूटा था.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 49.80 अंक या 0.50 फीसदी के नुकसान से 10,888.80 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान निफ्टी 10,857.10 के निचले स्तर तक आया तथा 10,930.90 अंक के उच्चस्तर तक गया. वाहन कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे. सबसे अधिक नुकसान में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर रहा, जो पांच फीसदी टूटा. कंपनी ने शुक्रवार को अपनी दिसंबर, 2018 की तिमाही के नतीजे घोषित किये थे, जिसके मुताबिक उसका एकल शुद्ध लाभ 11.44 फीसदी घटकर 1,076.81 करोड़ रुपये पर आ गया.

ब्रोकरों ने कहा कि वाहन कंपनियों के शेयरों में घबराहटपूर्ण बिकवाली रही. इस बीच, जनवरी में लगातार तीसरे महीने वाहन कंपनियों की बिक्री घटी. सियाम के आंकड़ों के अनुसार, माह के दौरान वाहन कंपनियों की बिक्री में 1.87 फीसदी की गिरावट आयी. अन्य कंपनियों में ओएनजीसी, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, एसबीआई, हीरो मोटोकॉर्प, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, वेदांता, यस बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर 2.54 प्रतिशत तक टूट गये. वहीं, टाटा स्टील, पावरग्रिड, एचसीएल टेक, कोटक बैंक और मारुति के शेयर 2.31 फीसदी तक लाभ में रहे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola