बुधवार को लगातार चौथे दिन गुलजार रहा शेयर बाजार, सेंसेक्स 36000 और निफ्टी 10850 अंक के पार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Jan 2019 5:30 PM

विज्ञापन

मुंबई : शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन में तेजी का सिलसिला जारी रहा. सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ 36,000 अंक के स्तर को पार कर गया. अमेरिका और चीन के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं में विवादों के समाधान की उम्मीद से वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान का […]

विज्ञापन

मुंबई : शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन में तेजी का सिलसिला जारी रहा. सेंसेक्स 232 अंक की बढ़त के साथ 36,000 अंक के स्तर को पार कर गया. अमेरिका और चीन के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं में विवादों के समाधान की उम्मीद से वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान का स्थानीय बाजार पर भी अनुकूल असर दिखा. कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले निवेशकों की लिवाली से भी तेजी के रुख को समर्थन मिला.

इसे भी पढ़ें : शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन भी तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी का नया रिकॉर्ड, सरकारी बैंकों के शेयर चढ़े

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 36,181.37 अंक पर बढ़त के साथ खुला और यह दिन के उच्चस्तर 36,250.54 अंक पर पहुंचा. अंत में सेंसेक्स 231.98 अंक या 0.64 फीसदी की बढ़त के साथ 36,212.91 अंक पर बंद हुआ. इससे पिछले तीन दिनों में सेंसेक्स 467 अंक चढ़ा था. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 53 अंक या 0.49 फीसदी की बढ़त के साथ 10,855.15 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 10,870.40 से 10,749.40 अंक के दायरे में रहा.

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, आईटीसी, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.94 फीसदी तक चढ़ गये. इसके अलावा, यस बैंक, टाटा स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, ओएनजीसी, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयरों में 3.07 फीसदी तक का नुकसान रहा.

देश की दूसरी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इन्फोसिस का शेयर 0.90 फीसदी मजबूत हुआ. कंपनी ने मंगलवार को कहा है कि उसका निदेशक मंडल पुनर्खरीद प्रस्ताव तथा विशेष लाभांश पर विचार करेगा. कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक 11 जनवरी को होनी है. जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि कुल मिलाकर अमेरिका चीन बैठक से कुछ समाधान निकलने की उम्मीद से बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए. निजी क्षेत्र के बैंकों, आईटी, एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली का सिलसिला चला, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयर नुकसान में रहे.

विश्वबैंक का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7.3 फीसदी रहेगी. अगले दो वित्त वर्षों में यह 7.5 फीसदी रहेगी. कारोबारियों ने कहा कि इससे भी बाजार की धारणा में सुधार हुआ. विश्लेषकों ने कहा कि कई बड़ी कंपनियों मसलन टीसीएस और इन्फोसिस के तिमाही नतीजों से पहले कारोबारी धारणा मजबूत हुई.

इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 698.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 553.78 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग 2.26 फीसदी चढ़ गया. जापान के निक्की में 1.10 फीसदी, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में 1.95 फीसदी, ताइवान में 1.83 फीसदी तथा शंघाई कम्पोजिट में 0.71 फीसदी का लाभ रहा. शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार में लाभ में चल रहे थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola