Bihar Election 2025: युवा के बाद बुजुर्गों को रिझाने में लगे प्रशांत किशोर, चुनाव से पहले मधुबनी में किया बड़ा ऐलान

prashant kishor
Bihar Election 2025: मधुबनी में "बिहार बदलाव सभा" के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दो बड़े ऐलान करते हुए राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी. उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन और बच्चों को मुफ्त शिक्षा का वादा किया, साथ ही लालू यादव पर सीधा हमला बोलते हुए चुनाव को बच्चों के भविष्य से जोड़ा.
Bihar Election 2025: बिहार के मधुबनी में बुधवार को आयोजित “बिहार बदलाव सभा” में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राज्य की राजनीति को गर्माने वाले दो अहम ऐलान किए. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी, तो 60 साल से ऊपर के हर नागरिक को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी. इसके साथ ही, एक बार उन्होंने कहा कि 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में तब तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी जब तक सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार नहीं हो जाता.
बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर करें मतदान
सभा को संबोधित करते हुए पीके ने कहा, “अब समय आ गया है कि बिहार की जनता जाति और नेता के नाम पर वोट न देकर अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर मतदान करे.” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पूरी योजना शिक्षा, रोजगार और विकास के इर्द-गिर्द केंद्रित है.
लालू यादव पर बोला हमला
इस दौरान प्रशांत किशोर ने राजद सुप्रीमो लालू यादव पर तीखा हमला भी बोला. उन्होंने कहा, “बच्चों की फिक्र क्या होती है, वो लालू यादव से कोई सीखे. उनका बेटा 9वीं पास भी नहीं है, लेकिन उसे बिहार का राजा बनाने की जिद पाले हुए हैं. वहीं, बिहार का पढ़ा-लिखा युवा नौकरी के लिए भटक रहा है.”
उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव ना तो लालू यादव के लिए है, ना नीतीश कुमार के लिए और ना नरेंद्र मोदी के लिए यह चुनाव बिहार के बच्चों की शिक्षा, उनके रोजगार और बेहतर भविष्य को लेकर है.
पीके ने पलायन की समस्या पर भी जताई चिंता
सभा में प्रशांत किशोर ने पलायन की समस्या पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा, “हर साल छठ के बाद लाखों युवा मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं. जन सुराज की सरकार आने पर युवाओं को अपने ही राज्य में सम्मानजनक रोजगार मिलेगा.” पीके के इन ऐलानों और हमलों ने साफ कर दिया है कि उनकी रणनीति विकास और जन सरोकारों के एजेंडे पर टिकी है, जिसका सीधा असर बिहार की मौजूदा राजनीति पर पड़ सकता है.
Also Read: नालंदा में बनेगा बिहार का पहला हाईटेक मछली मॉल, मछुवारों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




