Bihar Politics: ललन-अनंत के रोड शो ने गरमा दी मोकामा की राजनीति, तैयार होने लगा छोटे सरकार का सियासी मैदान

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 30 Aug 2025 5:49 PM

विज्ञापन

अनंत सिंह और ललन सिंह की फाइल फोटो

Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बाहुबली नेता अनंत सिंह शनिवार को मोकामा में एक साथ रोड शो करते नजर आए. समर्थकों के भारी उत्साह के बीच दोनों नेताओं की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए मोकामा सीट पर मजबूत समीकरण बनाने में जुट गया है.

विज्ञापन

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मोकामा विधानसभा सीट एक बार फिर सुर्खियों में है. शनिवार को केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह एक साथ रोड शो करते नजर आए. पटना से सुबह अनंत सिंह के घर पहुंचकर ललन सिंह उनके साथ गाड़ी में सवार हुए और दोनों नेता मोकामा के लिए रवाना हो गए.

गाड़ी की अगली सीट पर ललन, पीछे अनंत सिंह नजर आए

रिपोर्ट्स के मुताबिक रोड शो की शुरुआत बाढ़ के सबनिमा से हुई और यह मोकामा तक चला. रास्ते भर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ नेताओं का भव्य स्वागत किया. पटना से निकलते समय गाड़ी की अगली सीट पर ललन सिंह बैठे दिखे, जबकि अनंत सिंह पिछली सीट पर नजर आए. दोनों नेताओं का यह साथ चुनावी रणनीति की झलक माना जा रहा है.

आगे ललन और पीछे अनंत सिंह

हाल ही में जेल से बाहर आए हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह हाल ही में जेल से बाहर आए हैं. मोकामा गोलीकांड और ए.के.-47 मामले में सजा के बाद वे जेल में बंद थे. पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर 6 अगस्त को उनकी रिहाई हुई. रिहाई के तुरंत बाद उन्होंने मीडिया से साफ कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव मोकामा से जेडीयू के टिकट पर लड़ेंगे. साथ ही मौजूदा विधायक और उनकी पत्नी नीलम देवी के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही.

जेल से बाहर आते ही नीतीश से की थी मुलाकात

जेल से बाहर आने के बाद बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह लगातार जेडीयू के दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. सबसे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी. इसके बाद जेडीयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी से उनकी बैठक हुई. अब शनिवार को केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के साथ उनका रोड शो मोकामा की सियासत में नया संदेश देता नजर आया.

NDA की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा ललन सिंह के साथ रोड शो

पटना से निकलकर अनंत सिंह और ललन सिंह एक ही गाड़ी में मोकामा की ओर रवाना हुए. इस दौरान रास्ते भर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दोनों नेताओं का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया. मोकामा में हुए इस रोड शो को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. गौरतलब है कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां से ललन सिंह सांसद हैं. ऐसे में उनका अनंत सिंह के साथ मंच साझा करना राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

अनंत सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे मोकामा से जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे. उनकी सक्रियता और लगातार जेडीयू नेताओं से मुलाकात ने साफ संकेत दे दिया है कि मोकामा में एनडीए अपना समीकरण मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

अनंत सिंह ने राजद के टिकट पर दर्ज की थी जीत

मोकामा सीट का राजनीतिक महत्व खास है क्योंकि यह मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में आती है, जहां से ललन सिंह सांसद हैं. 2020 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी. लेकिन कानूनी पेंच के कारण उनकी विधायकी चली गई. 2022 में हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी. हालांकि सत्ता परिवर्तन के बाद वे एनडीए में शामिल हो गईं.

जेडीयू प्रत्याशी बनने का दावा कर चुके हैं अनंत सिंह

अब जबकि अनंत सिंह खुद जेडीयू प्रत्याशी बनने का दावा कर चुके हैं, मोकामा सीट पर चुनावी जंग दिलचस्प होने वाली है. ललन सिंह और अनंत सिंह का संयुक्त रोड शो न केवल एनडीए की ताकत का प्रदर्शन है, बल्कि यह संदेश भी है कि मोकामा में एनडीए का समीकरण पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होता जा रहा है.

Also Read: भोजपुर में राहुल गांधी के सामने युवाओं ने लगाए ‘मोदी जिंदाबाद’ के नारे, बुलाकर मिलाया हाथ फिर फ्लाइंग किस…

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन