Bihar Election 2025: पीएम मोदी आज शाम कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश, सुबह से करेंगे चुनावी रैलियों का आगाज
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 23 Oct 2025 11:10 AM
पीएम मोदी की फाइल फोटो
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कमान संभाल ली है. गुरुवार शाम वे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे. जबकि 24 अक्टूबर से समस्तीपुर और बेगूसराय में उनकी रैलियों का दौर शुरू होगा.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कमान संभाल ली है. पार्टी रणनीति के तहत अब पीएम पूरी तरह बिहार पर फोकस कर रहे हैं. प्रधानमंत्री 24 अक्टूबर को राज्य में दो बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. उससे एक दिन पहले, यानी आज शाम (23 अक्टूबर, गुरुवार) वे ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बिहार भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे.
कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा- “बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए हमारे कार्यकर्ता अभूतपूर्व ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में डटे हैं. जनसंपर्क और संगठन के हर स्तर पर उनकी सक्रियता हमारी सबसे बड़ी ताकत है. आज शाम 6 बजे मैं उनसे संवाद को लेकर बेहद उत्साहित हूं.”
यह कार्यक्रम सीधे तौर पर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से जुड़ा है, जिन्हें भाजपा अपनी जीत की नींव मानती है. इससे पहले भी, 15 अक्टूबर को पीएम मोदी ने इसी कार्यक्रम के तहत एनडीए कार्यकर्ताओं से संवाद किया था और उन्हें “जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत झोंकने” का आह्वान किया था.
24 अक्टूबर से शुरू होगा ‘तूफानी दौरा’
प्रधानमंत्री का यह संवाद 24 अक्टूबर को शुरू होने वाले उनके बिहार दौरे की भूमिका मानी जा रही है. इस दिन पीएम समस्तीपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसे उन्होंने बिहार विजय अभियान की शुरुआत बताया है. इसके अलावा वे बेगूसराय में भी चुनावी रैली करेंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पीएम के इस दौरे से राज्य में एनडीए का चुनावी माहौल और तेज होगा.
अमित शाह भी मैदान में उतरेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी 24 अक्टूबर को ही बिहार दौरे पर आने वाले हैं. शाह ने हाल ही में कहा था कि “एनडीए इस बार बिहार में 20 सालों का बहुमत रिकॉर्ड तोड़ेगा और नई सरकार बनाएगा.” शाह की रैली पीएम मोदी के दौरे के साथ तालमेल बनाकर आयोजित की जा रही है ताकि दोनों नेताओं के संदेश को एकसमान रूप में प्रचारित किया जा सके.
एनडीए का ‘फुल स्ट्रेंथ’ कैंपेन
इस बार बिहार में एनडीए ने पूरी ताकत झोंक दी है. बीजेपी के साथ जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के शीर्ष नेता लगातार चुनावी प्रचार में जुटे हैं. पार्टी ने “हर बूथ पर भाजपा, हर दिल में मोदी” नारे के साथ अपने जमीनी अभियान की शुरुआत की है. पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि मोदी का सीधा संवाद कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को दोगुना करता है, जिससे बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत होती है.
मोदी के अब तक के दौरे और केंद्र की सौगातें
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक 55 बार से अधिक बिहार का दौरा कर चुके हैं. केंद्र सरकार ने हाल के बजटों में राज्य के लिए लाखों करोड़ रुपये की परियोजनाएं घोषित की हैं. इनमें सड़क, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










