बिहार चुनाव 2025: राजद में टिकट कटौती की बड़ी तैयारी, डेढ़ दर्जन से अधिक विधायकों की छुट्टी तय
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 09 Oct 2025 8:57 AM
तेजस्वी यादव की फाइल फोटो
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद में बड़े बदलाव की तैयारी है. पार्टी डेढ़ दर्जन से अधिक मौजूदा विधायकों के टिकट काटने पर विचार कर रही है. कई सीटों पर नए चेहरों को मौका देने और कुछ क्षेत्रों में उम्मीदवारों का फेरबदल करने की रणनीति पर काम चल रहा है.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में बड़े पैमाने पर बदलाव की आहट तेज हो गई है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, डेढ़ दर्जन से अधिक मौजूदा विधायकों का टिकट काटने की तैयारी चल रही है. राजद अब “विजेता और स्वीकार्य चेहरों” की तलाश में जुट गई है. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच नए उत्साह का संदेश देने के लिए पुराने चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों को मौका देना जरूरी है.
नए और जिताऊ चेहरों की तलाश
राजद के अंदर जारी रणनीतिक बैठकों में साफ कहा गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी “जिताऊ” उम्मीदवारों को ही मैदान में उतारेगी. इस प्रक्रिया में कई मौजूदा विधायकों का क्षेत्र बदलने और कुछ सीटों को सहयोगी दलों के हिस्से में देने पर भी विचार किया जा रहा है. वहीं, पिछले चुनाव में हारने वाले दर्जनभर दावेदारों के टिकट भी इस बार काटे जा सकते हैं.
पाला बदलने वालों की सीट पर नए चेहरे तय
पिछले साल एनडीए सरकार के विश्वासमत के दौरान राजद को भीतरघात का बड़ा झटका लगा था. पार्टी के पांच विधायक- चेतन आनंद (शिवहर), भरत बिंद (भभुआ), प्रह्लाद यादव (सूर्यगढ़ा), संगीता कुमारी (मोहनियां) और नीलम देवी (मोकामा) सत्ता पक्ष के साथ हो लिए थे. इसके अलावा विभा देवी (नवादा) और प्रकाश वीर (रजौली) ने भी भाजपा का दामन थाम लिया.
अब इन सातों सीटों पर राजद नए उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है. पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि इन इलाकों में संगठन को फिर से खड़ा करने के लिए ताजा और स्थानीय चेहरों की जरूरत है. सूत्र बताते हैं कि इनमें से एक-दो सीटें महागठबंधन के सहयोगी दलों को भी दी जा सकती हैं.
तेजप्रताप की सीट पर भी नया चेहरा
हसनपुर सीट पर भी इस बार नया उम्मीदवार उतरेगा. यहां से विधायक और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को पार्टी पहले ही छह साल के लिए निष्कासित कर चुकी है. माना जा रहा है कि यह सीट अब किसी युवा और साफ छवि वाले उम्मीदवार को दी जाएगी.
छपरा की तीन सीटों पर खतरे की घंटी
छपरा जिले की तीन विधानसभा सीटें- सोनपुर, परसा और मढ़ौरा पर भी टिकट कटौती की तलवार लटक रही है. सोनपुर के विधायक डॉ. रामानुज प्रसाद, परसा के छोटे लाल राय और मढ़ौरा के जितेंद्र कुमार राय का प्रदर्शन संगठन को संतुष्ट नहीं कर सका है. सूत्रों की मानें तो अगर पार्टी इन इलाकों में नए उम्मीदवारों को मौका देती है तो सभी तीनों को टिकट से वंचित होना पड़ सकता है. हालांकि, अंतिम निर्णय खुद लालू प्रसाद यादव लेंगे.
लालू की सख्त निगरानी में टिकट चयन
सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि वफादारी और जनसम्पर्क को टिकट वितरण का प्रमुख आधार बनाया जाएगा. वे व्यक्तिगत रूप से उम्मीदवारों की रिपोर्ट खंगाल रहे हैं और प्रत्येक सीट पर स्थानीय समीकरणों की समीक्षा कर रहे हैं. राजद के भीतर यह संदेश अब साफ है कि इस बार टिकट “रिश्तों” या “पुराने चेहरों” की जगह परफॉर्मेंस के आधार पर मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










