कौन है मुठभेड़ में ढेर हुआ नक्सली अनल दा? माओवादी संगठन का माना जाता था बड़ा रणनीतिकार

Published by : Sameer Oraon Updated At : 23 Jan 2026 6:33 PM

विज्ञापन
नक्सली अनल दा की फाइल फोटो

Jharkhand Naxal News: झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में भाकपा माओवादी संगठन के सीनियर नेता और एक करोड़ का इनामी अनल दा मारा गया. जानिए कौन था अनल दा, माओवादी संगठन में उसकी भूमिका और नक्सली हिंसा में उसका कैसा प्रभाव था?

विज्ञापन

Jharkhand Naxal News, चाईबासा : झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) संगठन के सीनियर पद पर बैठा अनल दा मारा गया. उस पर सरकार ने एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. उसकी मौत को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान को लगाम लगाने की दिशा में बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है. मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. सुरक्षाबलों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में अब भी तलाशी अभियान जारी है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके.

कई नामों से जाना जाता था अनल दा

मारे गए नक्सली नेता का असली नाम पतिराम था. लेकिन वह अपने संगठन में अनल दा, तूफान, रमेश और गोपाल दा जैसे कई नामों से जाना जाता था. वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला था और भाकपा माओवादी की केंद्रीय कमेटी का अहम सदस्य माना जाता था.

Also Read: Chaibasa Naxal Encounter: झारखंड के सारंडा में 1 करोड़ का इनामी नक्सली समेत 10 ढेर, कोबरा बटालियन के साथ मुठभेड़

माओवादी संगठन का बड़ा रणनीतिकार

अनल दा को माओवादी संगठन का बड़ा रणनीतिकार माना जाता था. नक्सली हमले कहां और कैसे करना है? इसकी प्लानिंग वही तैयार करता था. इसी वजह से वह लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल था.

1987 से नक्सली गतिविधियों में था सक्रिय

अनल दा करीब 1987 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था. उसने पीरटांड़ इलाके से अपने नेटवर्क की शुरुआत की और धीरे-धीरे झारखंड और बिहार के कई जिलों में संगठन का विस्तार किया. 1987 से 2000 के बीच पीरटांड़, टुंडी और तोपचांद क्षेत्रों में वह गोपाल दा के नाम से काफी प्रभावशाली हो गया था. उस दौर में इन इलाकों में नक्सलवाद चरम पर था और पुलिस के साथ-साथ ग्रामीण भी उससे खौफ खाते थे.

जेल गया, फिर दोबारा नक्सली गतिविधियों में हुआ एक्टिव

साल 2000 में संगठन ने उसे बिहार के जमुई भेजा था. वहां वह एक बार गिरफ्तार हुआ और बाद में गिरिडीह जेल लाया गया. जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से नक्सली गतिविधियां शुरू कर दीं. जेल से बाहर आने के बाद उसकी पकड़ संगठन में और मजबूत हो गयी.

रांची और गुमला की कमान संभाली

जेल से रिहा होने के बाद अनल दा को रांची और गुमला जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई. यहां उसने संगठन को नए सिरे से मजबूत किया. उसकी रणनीतिक समझ और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उसे भाकपा माओवादी की केंद्रीय कमेटी में शामिल किया गया.

झारखंड में नक्सली हिंसा का अहम चेहरा

जानकारों के अनुसार, झारखंड में नक्सली हिंसा के पीछे अनल दा की बड़ी भूमिका रही है. उसकी मौत से माओवादी संगठन को गहरा झटका लगा है. माना जा रहा है कि इससे झारखंड में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और सुरक्षाबलों का मनोबल और मजबूत होगा.

Also Read: Terror Alert: इंटरपोल के हिट लिस्ट में जमशेदपुर के मो अर्शियान, रेड कॉर्नर नोटिस जारी, तलाश रही दिल्ली पुलिस

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola