IRCTC Scam: बिहार चुनाव के बीच लालू परिवार की बढ़ीं मुश्किलें, CBI ने अदालत को सौंपी एक दर्जन गवाहों की सूची
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 22 Oct 2025 9:44 AM
लालू यादव के साथ तेजस्वी और राबड़ी की तस्वीर
IRCTC Scam: बिहार की सियासत के बीच लालू परिवार पर कानूनी शिकंजा एक बार फिर कस गया है. सीबीआई ने आईआरसीटीसी घोटाला मामले में करीब एक दर्जन गवाहों की सूची अदालत में सौंपी है. 27 अक्टूबर से इस मामले में ट्रायल शुरू होगा, जिसमें लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव को कोर्ट में पेश होना है.
IRCTC Scam: बिहार की राजनीति में फिर एक बार लालू परिवार की मुश्किलें गहराती दिख रही हैं. IRCTC घोटाला मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अदालत को करीब एक दर्जन गवाहों की सूची सौंपी है. ये सभी गवाह पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ उनकी कथित संलिप्तता पर बयान देंगे. सीबीआई ने इन गवाहों को औपचारिक नोटिस जारी कर 27 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया है. इसी दिन से इस मामले में ट्रायल की औपचारिक शुरुआत होगी.
CBI का नया कदम, तेजी से पूरी करना चाहती है गवाही
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई इन गवाहों की गवाही को “तेजी से और बिना किसी देरी” के पूरा करने की योजना बना रही है. एजेंसी का इरादा है कि पहले चरण में पेश किए गए गवाहों की गवाही पूरी होने के बाद कुछ और साक्ष्य और गवाह कोर्ट के सामने रखे जाएं, जिससे लालू परिवार के खिलाफ आरोपों को और मजबूत किया जा सके.
हाल ही में तय हुए आरोप
इस महीने की शुरुआत में ही सीबीआई अदालत ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और अन्य के खिलाफ आरोप तय किए थे. अदालत ने लालू पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के तहत आरोप तय किए, जबकि राबड़ी और तेजस्वी पर षड्यंत्र और धोखाधड़ी में भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया. हालांकि तीनों ने अदालत में खुद को निर्दोष बताया और कहा कि वे पूरी ईमानदारी के साथ मुकदमे का सामना करेंगे.
अदालत ने कहा- लालू को थी पूरी जानकारी
13 अक्टूबर को आरोप तय करते समय विशेष सीबीआई जज विशाल गोगने ने अपने आदेश में लिखा कि “लालू प्रसाद को पूरी प्रक्रिया की जानकारी थी और उन्होंने होटलों के हस्तांतरण को प्रभावित करने के लिए हस्तक्षेप किया.” जज ने कहा कि निविदा प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव जानबूझकर किए गए, ताकि कुछ पक्षों को फायदा पहुंचे.
अपने 244 पन्नों के आदेश में न्यायाधीश ने लिखा कि “यह स्पष्ट रूप से सामने आया है कि बिक्री के दौरान ज़मीन का मूल्यांकन जानबूझकर कम किया गया और बाद में यह संपत्तियां लालू प्रसाद के प्रभाव में आ गईं.” अदालत ने इस मामले में “मिलीभगत और आपराधिक षड्यंत्र” के पहलू को भी चिह्नित किया.
क्या है IRCTC होटल घोटाला?
सीबीआई के अनुसार, लालू प्रसाद यादव पर आरोप है कि रेल मंत्री रहते हुए उन्होंने IRCTC के बीएनआर होटलों की निविदा प्रक्रिया में हेरफेर की. आरोप है कि उन्होंने कोचर बंधुओं विजय और विनय कोचर (मालिक, सुजाता होटल प्रा. लि.) को ठेका दिलाने में अनुचित लाभ पहुंचाया. जिसके बदले में कोचर ने पटना की एक प्रमुख जमीन लालू के करीबी प्रेम चंद गुप्ता की कंपनी को बेच दी. बाद में यह कंपनी लालू परिवार के नियंत्रण में आ गई और वह कीमती जमीन नाम मात्र कीमत पर यादव परिवार को हस्तांतरित कर दी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










