Bihar Politics: बिहार सरकार के मंत्री तेजस्वी यादव को भेजेंगे मानहानि का नोटिस, जानिए क्या है मामला

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 16 Sep 2025 7:50 AM

विज्ञापन

जीवेश मिश्रा की फाइल फोटो

Bihar Politics: दरभंगा के जाले विधायक व नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा पर रामपट्टी गांव में हुए हमले के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. मंत्री ने इसे हत्या की साजिश बताया, तो विपक्ष ने पत्रकार की पिटाई का आरोप लगाकर सरकार पर हमला बोला.

विज्ञापन

Bihar Politics: दरभंगा जिले में नगर विकास एवं आवास मंत्री सह जाले विधायक जीवेश कुमार मिश्रा पर रविवार को हुए कथित हमले ने सियासत को गरमा दिया है. मंत्री का दावा है कि सिंहवाड़ा प्रखंड के रामपट्टी गांव में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी. सोमवार को दरभंगा सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने कहा- “बड़ा सा पत्थर मेरे सिर पर फेंकने की कोशिश की गई. अगर थाना प्रभारी ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया होता तो मेरी जान जा सकती थी.”

हमला या हंगामा?

मंत्री के अनुसार, मौके पर एक युवक उनकी गाड़ी के बोनट पर कूद गया और डंडे से शीशा तोड़ दिया. इसके बाद उसने खुद अपने कपड़े फाड़े, वीडियो बनाया और वायरल कर दिया. मिश्रा ने कहा कि पूरा मामला सुनियोजित था और इसकी जांच पुलिस को सौंपी गई है.

सड़क निर्माण से उठा विवाद

यह विवाद दरअसल उस वक्त शुरू हुआ जब रामपट्टी गांव में एक युवक ने मंत्री से सवाल पूछा कि सड़क अब तक क्यों नहीं बनी. मंत्री पक्ष ने बताया कि सड़क पहले ही पास हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भीड़ में अचानक बवाल हो गया और गाड़ी पर हमला कर दिया गया. किसी तरह काफिला सुरक्षित निकल सका.

तेजस्वी बनाम जीवेश

घटना के बाद तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि मंत्री ने सड़क पर सवाल पूछने वाले पत्रकार की पिटाई की और गाली-गलौज की. तेजस्वी ने कहा कि सरकार अब पत्रकारों की आवाज दबा रही है. जवाब में जीवेश मिश्रा ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि वह तेजस्वी यादव को मानहानि का नोटिस भेजेंगे.

यू-ट्यूबर से मारपीट लोकतंत्र पर हमला- सहनी

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी इस विवाद में कूद पड़े. उन्होंने कहा- “एक यू-ट्यूबर से सवाल पूछने पर मारपीट और गाली-गलौज करना लोकतंत्र पर हमला है. सहनी समाज और वीआईपी कार्यकर्ता मंत्री जीवेश मिश्रा का हर जगह विरोध करेंगे.” सहनी ने यह भी आरोप लगाया कि प्राथमिकी केवल तब दर्ज हुई जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव थाना पहुंचे.

सियासत गरम, जांच बाकी

इस पूरे प्रकरण ने बिहार की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है. सत्तापक्ष इसे मंत्री पर हमला बताकर साजिश करार दे रहा है, तो विपक्ष इसे पत्रकार की आवाज दबाने की कोशिश बता रहा है. अब पुलिस की जांच ही तय करेगी कि यह मामला वास्तव में हमला था या फिर हंगामे का राजनीतिक रंग.

Also Read: आनंद मोहन के बयान से बढ़ी सियासी हलचल, बोले- सत्ता की चाबी ‘भूरा बाल’ के हाथ, सिंहासन का फैसला वही करेगा

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन