शेरघाटी में उम्मीदवारों की पत्नियां संभाल रहीं प्रचार की कमान, महिलाओं की टोली इस तरह कर रही वोट की अपील

पवन किशोर के लिए वोट की अपील करतीं उनकी पत्नी प्रियंका किशोर
Bihar Election 2025: शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र में इस बार उम्मीदवारों की पत्नियां न सिर्फ सड़कों पर उतरकर प्रचार की बागडोर संभाल रही हैं, बल्कि उन्होंने अपने लिए अलग प्रचार कार्यालय भी बना लिया है. उम्मीदवारों की पत्नियां अपने-अपने पति के पक्ष में महिलाओं की टोली के साथ घर-घर जाकर वोट की अपील कर रही हैं.
Bihar Election 2025, नवीन कुमार मिश्रा, गया: शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनावी माहौल कुछ अलग ही रंग में दिख रहा है. उम्मीदवारों की पत्नियां न सिर्फ सड़कों पर उतरकर प्रचार की बागडोर संभाल रही हैं, बल्कि उन्होंने अपने लिए अलग प्रचार कार्यालय भी बना लिया है. इनके लिए वाहनों की व्यवस्था, साथ चलने वाले कार्यकर्ताओं की सूची और दिनभर का कार्यक्रम तक तय किया गया है.
भोजन-पानी और विश्राम की व्यवस्था
कई जगह उम्मीदवारों ने पत्नियों के काफिले के लिए भोजन-पानी और विश्राम की विशेष व्यवस्था भी कर रखी है. महिला शक्ति का यह अनोखा रूप शेरघाटी की गलियों से लेकर गांव की पगडंडियों तक दिखाई दे रहा है. उम्मीदवारों की पत्नियां अपने-अपने पति के पक्ष में महिलाओं की टोली के साथ घर-घर जाकर वोट की अपील कर रही हैं.
पवन किशोर की मां और पत्नी मांग रहीं वोट
वे महिलाओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर अपने पति की नीतियों, पार्टी के संकल्पों और स्थानीय मुद्दों पर किए जाने वाले कामों का भरोसा दिला रही हैं. शेरघाटी विधानसभा क्षेत्र 226 जन सुराज के प्रत्याशी पवन किशोर की पत्नी प्रियंका किशोर और उनकी मां नगर पर्षद की चेयरमैन गीता देवी ने भी अलग-अलग महिला टोलियों के साथ चुनावी मैदान में उतरकर प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है. प्रियंका किशोर और गीता देवी गांव-गांव घूमकर महिलाओं से संवाद कर रही हैं और उन्हें जन सुराज के विजन से जोड़ने का प्रयास कर रही हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
चुनाव प्रचार का नया अंदाज
वहीं दूसरी ओर एनडीए प्रत्याशी की पत्नी भी पीछे नहीं हैं. वे भी शेरघाटी शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर लोगों से मिल रही हैं और अपने पति के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही हैं. इन महिलाओं का जोश और आत्मविश्वास देखकर ऐसा लगता है मानो वे खुद चुनावी मैदान में हों. उनके इस सक्रिय प्रचार से महिला मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. महिलाएं कह रही हैं कि इस बार प्रचार का अंदाज नया और प्रेरणादायक है. शेरघाटी में महिला शक्ति के इस जोश ने चुनावी माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया है.
इसे भी पढ़ें: Bihar Election 2025: आज शाम थमेगा दूसरे चरण का चुनाव प्रचार, 20 जिलों की 122 सीटों पर तय होगी सियासी साख
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rani Thakur
बंगाल की धरती पर एक दशक से अधिक समय तक समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ, रानी ठाकुर अब बिहार की धरती पर अपनी लेखनी से पहचान बना रही हैं. कोलकाता में कई राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अखबारों के लिए रिपोर्टिंग और सब-एडिटिंग का अनुभव हासिल करने के बाद, वे अब प्रभात खबर के डिजिटल डेस्क से जुड़ी हैं, जहां वे लाइफ स्टाइल की खबरों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और पत्रकारिता कौशल को नई दिशा दे रही हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




