'जैसा नाम, वैसा ही काम...', शहाबुद्दीन के गढ़ में खूब दहाड़े योगी, बोले- कांग्रेस हो या RJD माफियाओं को लगाते हैं गले
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 29 Oct 2025 2:51 PM
भाषण के दौरान योगी आदित्यनाथ
Bihar Election 2025: सीवान के रघुनाथपुर में बुधवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी सभा की. शहाबुद्दीन के गढ़ में आयोजित इस सभा में योगी ने बुलडोजर मॉडल का जिक्र करते हुए आरजेडी, कांग्रेस और शहाबुद्दीन परिवार पर तीखे हमले किए और बिहार को फिर से 'जंगलराज' में न जाने देने की अपील की.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान के रघुनाथपुर में चुनावी सभा की. यह वही इलाका है, जिसे कभी शहाबुद्दीन का गढ़ कहा जाता था. योगी जैसे ही मंच पर पहुंचे, उनका स्वागत “बुलडोजर मॉडल जिंदाबाद” के नारों से हुआ. मौके पर बुलडोजर की मौजूदगी खुद इस बात का प्रतीक था. योगी आदित्यनाथ का सीधा संदेश अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई था.
शहाबुद्दीन परिवार पर जमकर साधा निशाना
योगी ने अपने 22 मिनट के भाषण में आरजेडी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और शहाबुद्दीन परिवार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “मुझे आश्चर्य हुआ जब मैं रघुनाथपुर आया. यहां से RJD ने जो प्रत्याशी दिया है, वह देश-दुनिया में अपनी आपराधिक प्रवृत्ति के लिए जाना जाता है. नाम भी देखिए- ओसामा शहाब! शहाबुद्दीन के बेटे का जैसा नाम, वैसा ही काम.”
कांग्रेस-आरजेडी के लोग अपराधियों को देते हैं संरक्षण- योगी
उन्होंने आगे कहा, “ये वही लोग हैं जो कभी बाबर और औरंगजेब की मजारों पर सजदा करते थे. कांग्रेस हो या आरजेडी ये माफियाओं को गले लगाते हैं, अपराधियों को संरक्षण देते हैं. लेकिन जनता अब इन्हें पहचान चुकी है.” योगी ने आरजेडी पर परिवारवाद और माफियाराज का आरोप लगाते हुए कहा, “2005 से पहले सबका साथ नहीं, परिवार का विकास होता था. आरजेडी की सोच अब भी वहीं अटकी है. वे बिहार को फिर से जंगलराज में धकेलना चाहते हैं.”
योगी बोले- जो कानून से बच जाता है, उसको बुलडोजर पकड़ लेता है
योगी ने यूपी के ‘बुलडोजर मॉडल’ का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है. “जो कानून से बच जाता है, उसको यूपी का बुलडोजर पकड़ लेता है.” राम मंदिर मुद्दे पर भी योगी ने कांग्रेस और आरजेडी को घेरा. बोले, “कांग्रेस कहती थी, राम तो हुए ही नहीं. आरजेडी ने राम मंदिर के रथ को रोका था. ये वही लोग हैं जो आज भी मां जानकी के मंदिर के विकास का विरोध करते हैं.”
बिहार को माफिया राज नहीं, डबल इंजन की सरकार चाहिए- योगी
सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की. “बिहार को फिर से माफिया राज नहीं, डबल इंजन की सरकार चाहिए.” सीवान की इस सभा में योगी का लहजा सख्त था. योगी का संदेश भी साफ था कि अपराध, परिवारवाद और नक्सलवाद के खिलाफ उनकी लड़ाई अब बिहार तक पहुंच चुकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










