Bihar Election 2025: तेजप्रताप यादव ने तेजस्वी को बताया बच्चा, बोले- चुनाव बाद उसे झुनझुना पकड़ाएंगे

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 04 Nov 2025 12:27 PM

विज्ञापन

तेजप्रताप यादव की फाइल फोटो

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले तेज प्रताप यादव का बयान चर्चा में है. जब पत्रकारों ने पूछा कि तेजस्वी आपके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं, तो तेज प्रताप बोले- “करने दीजिए, अभी बच्चा है वो... चुनाव के बाद झुनझुना पकड़ाएंगे.

विज्ञापन

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले सियासी सरगर्मी चरम पर है. मंगलवार (4 नवंबर) को जहां एक ओर तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी भावी योजनाओं का ऐलान किया, वहीं दूसरी ओर बड़े भाई तेज प्रताप यादव ने अपने बयान से माहौल को और दिलचस्प बना दिया.

‘करने दीजिए… अभी बच्चा है वो…’

पत्रकारों ने जब तेज प्रताप से पूछा कि तेजस्वी यादव आपके खिलाफ प्रचार कर रहे हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- “करने दीजिए… अभी बच्चा है वो, चुनाव के बाद उसे झुनझुना पकड़ाएंगे.” उनके इस बयान ने न सिर्फ राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी, बल्कि दोनों भाइयों के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान की चर्चा को भी हवा दे दी.

तेज प्रताप ने अपने चुनाव क्षेत्र महुआ में सोमवार को कहा था कि वे राघोपुर भी जाएंगे और वहां अपने प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे. इस पर उन्होंने आज फिर कहा, “तेजस्वी मेरे क्षेत्र में प्रचार करने आए थे, मैंने भी उनके क्षेत्र में जाकर प्रचार किया. अब फिर जाऊंगा राघोपुर. जीत को लेकर मुझे पूरा भरोसा है.

लालू परिवार पर शाह के बयान का जवाब

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा हाल ही में दिए गए उस बयान पर, जिसमें उन्होंने लालू परिवार को “एक कंपनी” बताया था, तेज प्रताप ने संयमित प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “कोई भी कुछ भी बोल सकता है, लेकिन वाणी को हमेशा संयम में रखना चाहिए.” तेज प्रताप ने कहा कि वे चुनाव को मुद्दों पर लड़ रहे हैं और जनता का समर्थन उनके साथ है. उन्होंने दावा किया कि “महुआ से इस बार हम रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे.”

भाई-भाई के बीच सियासी प्रतिस्पर्धा

लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटों- तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं. तेज प्रताप पहले ही कह चुके हैं कि “हरा झंडा वाली राजद फर्जी है” और उन्होंने अपनी अलग पार्टी जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) बनाकर चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है.

माहौल गरम, बयानबाजी तेज

पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन बिहार की राजनीति एक बार फिर यादव परिवार की अंदरूनी राजनीति से गरमा गई. जहां तेजस्वी महिलाओं के लिए माई बहिन योजना जैसी योजनाओं से वोटरों को साधने की कोशिश में हैं, वहीं तेज प्रताप अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने में जुटे हैं.

Also Read: Bihar Election 2025: तेजस्वी यादव 14 जनवरी को महिलाओं के खाते में डालेंगे 30 हजार, जीविका दीदियों को देंगे सैलरी

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन