AI ने विज्ञापन जगत में भी रचनात्मक श्रम के लिए खड़ा किया खतरा, ASCI ने किया आगाह

‘जेनरेटिव एआई ऐंड एडवर्टाइजिंग’ शीर्षक नाम से प्रकाशित एक श्वेत पत्र में एएससीआई ने कहा कि अगर कोई सामग्री तैयार करने में किसी तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है तो उस तकनीक के व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा.
AI Use in Ad Industry : जेनरेटिव आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल उत्पादक सामग्री (इनपुट) के रूप में करने वाले विज्ञापनदाताओं के लिए इससे संबंधित लाइसेंस एवं अनुमति हासिल करना अनिवार्य होगा. भारतीय विज्ञापन मानक ब्यूरो (एएससीआई) ने हाल ही में यह निर्देश जारी किया है. ‘जेनरेटिव एआई ऐंड एडवर्टाइजिंग’ शीर्षक नाम से प्रकाशित एक श्वेत पत्र में एएससीआई ने कहा कि अगर कोई सामग्री तैयार करने में किसी तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है तो उसके (तकनीक) व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए पूर्व अनुमति लेना जरूरी होगा.
इस श्वेत पत्र में विज्ञापन उद्योग में एआई के इस्तेमाल से जुड़े छह जोखिमों का जिक्र किया गया है. इनके अलावा इसमें उन कानूनी प्रावधानों का भी जिक्र किया गया है, जिनके तहत उल्लंघन का मामला बनता है. बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, एएससीआई में मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) एवं महासचिव मनीषा कपूर ने को बताया कि सबसे बड़ा जोखिम किसी विषय-वस्तु के कॉपीराइट अधिकार से जुड़ा है. उन्होंने कहा, एआई उन चीजों का इस्तेमाल करता है जो इंटरनेट पर पहले से उपलब्ध हैं. एआई इन सामग्री को उठाकर अपनी व्याख्या के साथ उपलब्ध करा रहा है. ऐसे में प्रश्न यह उठता है कि क्या इसका कानूनी या कॉपीराइट से जुड़ा कोई जोखिम हो सकता है? क्या उस स्थिति में इसे मूल कार्य माना जाएगा?
देश में विज्ञापन क्षेत्र के स्व-नियामकीय संगठन एएससीआई ने कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते चलन के बीच आगाह किया कि विज्ञापन में जेनरिक एआई टूल का इस्तेमाल रचनात्मक श्रम की भी जगह ले सकता है. भारतीय विज्ञापन मानक परिषद (एएससीआई) ने आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का विज्ञापन उद्योग पर संभावित प्रभावों को हल्का करने के लिए कुछ उपाय भी सुझाये. इनमें मानवीय क्षमताओं को बढ़ाना, खासकर संपादकीय निरीक्षण और अनुपालन पर मानवीय कौशल में निवेश करना शामिल है.
जेनरिक एआई के तहत पहले से प्रोग्राम न होने के बावजूद खुद ही वह उपलब्ध जानकारी के भीतर रुझानों एवं खासियत के आधार पर नये रुझान की तलाश करता है और उसके आधार पर नया वर्गीकरण करता है. विधि कंपनी खेतान एंड कंपनी के सहयोग से तैयार एक श्वेत पत्र में एएससीआई ने कहा कि जेनेरिक एआई सेवाओं की पहुंच रचनात्मक श्रम के संभावित विस्थापन को लेकर चिंता पैदा करती है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, विज्ञापनों, विपणन सामग्रियों और प्रचार सामग्री की प्रतियां बनाने के लिए एआई टूल का इस्तेमाल करना लागत के लिहाज से कॉपीराइटरों की सेवाएं लेने की तुलना में कहीं अधिक किफायती हो सकता है. फिलहाल ओपनएआई की चैटजीपीटी, गूगल बार्ड और एडोब फायरफ्लाई समेत कई कंपनियां अपने बीटा परीक्षण के दौरान प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण या मुफ्त पहुंच की पेशकश भी कर रही हैं.
इस श्वेत पत्र में कॉपीराइट स्वामित्व को भी एक चुनौती के रूप में चिह्नित किया गया है. इसकी वजह यह है कि फिलहाल देश में एआई को एक कानूनी इकाई के रूप में मान्यता नहीं दी गई है. ऐसा होने से मानवीय संलिप्तता के बगैर पूरी तरह एआई उपकरण द्वारा किया गया कोई भी कार्य भारतीय कानून के तहत कॉपीराइट संरक्षण के लिए पात्र नहीं हो सकता है. विज्ञापनदाताओं के पास एआई-जनित कार्यों का कानूनी स्वामित्व नहीं होने पर तीसरे पक्ष द्वारा उल्लंघन करने पर उनके पास सीमित विकल्प ही रह जाएंगे.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, विपणन या विज्ञापन एजेंसियों को अगर एआई-जनित रचनात्मक कार्यों का स्वामित्व नहीं मिलता है तो उन्हें अपने ग्राहकों को रचनात्मक सामग्री का पूर्ण स्वामित्व हस्तांतरित करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. एएससीआई की मुख्य कार्यकारी एवं महासचिव मनीषा कपूर ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में जेनरेटिव एआई का चलन बढ़ने से गोपनीयता, डेटा सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे प्रमुख मुद्दों पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राजीव कुमार
राजीव, हिंदी डिजिटल मीडिया के अनुभवी पत्रकार हैं और प्रभातखबर डॉट कॉम में कार्यरत हैं. अपने 15 वर्षों से अधिक के पत्रकारीय अनुभव के दौरान उन्होंने टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल सेक्टर की हजारों खबरों, एक्सप्लेनर, एनालिसिस और फीचर स्टोरीज पर काम किया है. आसान भाषा, गहरी रिसर्च और यूजर-फर्स्ट अप्रोच उनकी कंटेंट राइटिंग की सबसे बड़ी पहचान है.
राजीव की एक्सपर्टीज स्मार्टफोन, गैजेट्स, एआई, मशीन लर्निंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), साइबर सिक्योरिटी, टेलीकॉम, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, ICE और हाइब्रिड कारों, ऑटोनोमस ड्राइविंग के साथ-साथ डिजिटल ट्रेंड्स जैसे टॉपिक्स में रही है. वे लगातार बदलती टेक और ऑटो इंडस्ट्री पर नजर रखते हैं और रिपोर्ट्स, ऑफिशियल डेटा, कंपनी अपडेट्स और एक्सपर्ट इनसाइट्स के आधार पर सटीक और भरोसेमंद जानकारी यूजर्स तक पहुंचाते हैं.
डिजिटल मीडिया में राजीव की खास पहचान SEO-ऑप्टिमाइज्ड और डेटा-ड्रिवेन कंटेंट के लिए भी रही है. Google Discover और यूजर एंगेजमेंट को ध्यान में रखते हुए वे ऐसे आर्टिकल्स तैयार करते हैं, जो न केवल जानकारी भरे होते हैं, बल्कि यूजर्स की जरूरत और सर्च ट्रेंड्स से भी मेल खाते हैं. टेक और ऑटो सेक्टर पर उनके रिव्यू, एक्सपर्ट इंटरव्यू, कॉम्पैरिजन-बेस्ड आर्टिकल्स और एक्सप्लेनर स्टोरीज को यूजर्स काफी पसंद करते हैं.
राजीव ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2011 में प्रभात खबर दैनिक से की थी. शुरुआती दौर में उन्होंने देश-विदेश, कारोबार, संपादकीय, साहित्य, मनोरंजन, पॉजिटिव जर्नलिज्म और फीचर राइटिंग जैसे अलग-अलग बीट्स पर काम किया. इसके बाद डिजिटल प्लैटफॉर्म पर उन्होंने रिपोर्टिंग, वैल्यू-ऐडेड स्टोरीज और ट्रेंड आधारित कंटेंट के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई.
जमशेदपुर में जन्मे राजीव की प्रारंभिक शिक्षा सीबीएसई स्कूल से हुई है. इसके बाद उन्होंने भारतीय विद्या भवन, पुणे से जर्नलिज्म ऐंड मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा किया. पत्रकारिता के मूल सिद्धांत 5Ws+1H पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें खबरों की गहराई समझने और उनको आसान, स्पष्ट और प्रभावी भाषा में यूजर्स तक पहुंचाने में मदद करती है.
जुड़िए [email protected] पर
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










