ऐसा लग रहा जैसे वेनेजुएला पर हजारों बम बरसे हों, बदहवास अपनों को ढूंढती आंखें; भूकंप से मचा हाहाकार; लगी इमरजेंसी

Updated:
विज्ञापन

वेनेजुएला में भूकंप के बाद की तबाही. फोटो- स्क्रीनग्रैब.

Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई. 7.1 और 7.5 तीव्रता के झटकों के बाद इमारतें गिरीं. इस प्राकृतिक आपदा के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर ऐसा लग रहा है जैसे शहर पर बम बरसाया गया हो. आपदा के बाद बचाव अभियान जारी है और सरकार ने आपातकाल घोषित किया है.

विज्ञापन

Venezuela Earthquake: वेनेजुएला बुधवार को आए दो बेहद शक्तिशाली भूकंपों के बाद भारी तबाही से जूझ रहा है. लगातार आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के झटकों ने कई इलाकों को हिला दिया, इमारतों को नुकसान पहुंचा और कई जगहों पर हालात युद्ध जैसे नजर आए. अधिकारियों ने आपात स्थिति घोषित कर दी है और मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है. वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार को टेलीविजन संबोधन में आपातकाल की घोषणा की और भूकंप में लोगों की मौत की पुष्टि की. हालांकि उन्होंने मृतकों की संख्या नहीं बताई.

राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने जताया दुख

डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि इस आपदा में जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है, उनके प्रति वह संवेदना व्यक्त करती हैं. उन्होंने कहा कि वह उन लोगों के परिवारों के प्रति दुख जाहिर करती हैं जिन्होंने ‘दुखद रूप से अपने परिवार के किसी सदस्य को खो दिया है.’ सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव टीमों को भेज दिया है. टीमें गिरी हुई इमारतों और क्षतिग्रस्त ढांचों के नीचे फंसे लोगों को तलाश रही हैं.

इस भयावह भूकंप के कई वीडियो सामने आए हैं. डर के मारे बदहवास लोग भागते दिखाई दे रहे हैं. कई सारी जगहों पर बिल्डिंग धराशाई हुई हैं. एयरपोर्ट पर छत की सीलिंग गिरती दिखी. कहीं पर सड़क फट गई. 

एक यूजर ने भूकंप के बाद का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे वेनेजुएला पर बम गिराए गए हों. यह 1967 के बाद वेनेजुएला का सबसे भयानक भूकंप बताया जा रहा है. उस समय लगभग 200 लोग मारे गए थे, जबकि 700 से ज्यादा घायल हुए थे. 

लोगों ने अपने घरों में आई तबाही के वीडियो शेयर किए हैं. नम आंखों से उन्हें घटना का विवरण देते हुए सुना जा सकता है. 

इस घटना के वीडियोज की सोशल मीडिया पर भरमार लगी हुई है. लोग अपनों की तलाश में भागते हुए भी दिखाई दे रहे हैं. 

काराकस समेत कई इलाकों में भारी नुकसान

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, वेनेजुएला की राजधानी काराकस में बुधवार शाम एक ही क्षेत्र में दो बड़े भूकंप आए. USGS ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में भारी जनहानि और बड़े स्तर पर नुकसान की आशंका है. शुरुआती अनुमान में मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

39 सेकंड के अंतर में आए दो शक्तिशाली झटके

USGS के मुताबिक, पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जो सैन फेलिप के पास आया. यह जगह राजधानी काराकस से करीब 284 किलोमीटर पश्चिम में है. यह झटका 22:04 GMT पर दर्ज किया गया.

इसके कुछ ही सेकंड बाद दूसरा और ज्यादा शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र यूमारे के पास था, जो काराकस से करीब 293 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है.

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भी दर्ज किया भूकंप

भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप कम गहराई पर आया था. NCS ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता: 6.8 रही. समय: 25/06/2026 सुबह 03:34:32 भारतीय समय. अक्षांश: 10.451 N, देशांतर: 68.352 W. गहराई: मात्र 15 किलोमीटर रही. स्थान: वेनेजुएला.

ये भी पढ़ें:- वेनेजुएला में 39 सेकंड में 1 लाख मौतों की आशंका, भूकंप से सड़कों में दरार, ढहीं इमारतें; वीडियो देख कांप उठेगा दिल

ये भी पढ़ें:- पैसा नहीं वफादारी चाहिए… ईरान युद्ध में साथ न देने पर ट्रंप ने NATO को सुनाया, तो रूटे ने गिनाए अहसान; कहा- पूरे यूरोप से…

बचाव अभियान जारी, नुकसान का आकलन कर रहे अधिकारी

फिलहाल वेनेजुएला के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रहे हैं. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. दोनों भूकंपों के बाद आफ्टरशॉक यानी बाद के झटकों की आशंका भी बनी हुई है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola