कीनिया हमला :मॉल में धमाके,दो आतंकी ढेर

Published at :23 Sep 2013 9:17 PM (IST)
विज्ञापन
कीनिया हमला :मॉल में धमाके,दो आतंकी ढेर

नैरोबी: कीनिया की राजधानी नैरोबी के वेस्टगेट शापिंग मॉल में आतंकवादियों के चंगुल से बंधकों को मुक्त कराने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तीसरे दिन आज चार शक्तिशाली विस्फोट हुए. अधिकारियों का कहना है कि मॉल के भीतर लोगों को बंधक बनाने वाले आतंकवादियों में से दो मारे गए हैं. […]

विज्ञापन

नैरोबी: कीनिया की राजधानी नैरोबी के वेस्टगेट शापिंग मॉल में आतंकवादियों के चंगुल से बंधकों को मुक्त कराने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तीसरे दिन आज चार शक्तिशाली विस्फोट हुए. अधिकारियों का कहना है कि मॉल के भीतर लोगों को बंधक बनाने वाले आतंकवादियों में से दो मारे गए हैं.

यहां के गृह मंत्री जोसफे आले लेंकू ने कहा कि बंधकों को मुक्त कराने का अभियान ‘बहुत अच्छी तरह’ चलाया गया है और अधिकारियों का मानना है कि इमारत के भीतर महज कुछ लोग ही बचे हो सकते हैं. लेंकू ने मरने वालों की संख्या लेकर आ रही अलग अलग जानकारियों के मद्देनजर कहा कि अब तक कुल 62 लोगों की मौत हुई है. इससे पहले कीनिया के अधिकारियों ने 59 तथा रेडक्रॉस ने 68 लोगों की मौत की पुष्टि की गई थी.

मॉल में चार शक्तिशाली धमाकों के बाद एक घंटे से अधिक समय तक धुंआ उठता दिखाई दिया. राहत एवं बचाव अभियान से जुटे एक व्यक्ति ने बताया कि मॉल से धुआं उठ रहा है जिससे अंदर आग लगने की आशंका है.कीनियाई रक्षा बल के प्रमुख जनरल जूलियस करांगी ने कहा, ‘‘हमें नहीं पता हमला करने वाले किन किन देशों के हैं, लेकिन इतना जरुर है कि इनका ताल्लुक कई देशों से हैं.’’करांगी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने मॉल की सभी मंजिलों पर कब्जा कर लिया है, लेकिन आतंकवादी अब भी अंदर छिपे हुए हैं.

आतंकवादियों की संख्या के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है. पहले प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा गया था कि भीतर 10 से 15 आतंकवादी हैं.कीनिया के मॉल से आज तड़के भारी गोलीबारी की आवाजें भी सुनायी दीं. घटनास्थल पर मौजूद एक पत्रकार ने बताया कि उन्होंने करीब 15 मिनट तक भारी गोलीबारी की आवाजें सुनी जो बाद में कम हो गयीं. एक फोटोग्राफर ने बताया कि मॉल के चारों ओर खड़े सैनिक अपने को बचाने के लिए आड़ में छुपते देखे गए.

कीनिया की सेना ने कहा कि मॉल के ज्यादातर हिस्से को सुरक्षित खाली करा लिया गया है और अब अल शबाब के आतंकवादियों के खिलाफ अभियान आखिरी दौर में पहुंच गया है. माना जा रहा है कि सोमालिया के इस संगठन के आतंकवादी बंधकों का ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं. आतंकवादी शनिवार की दोपहर मॉल में दाखिल हुए थे.

शबाब के प्रवक्ता अली महमूद रागे ने धमकी दी है कि ‘मुजाहिदीनों’ की ओर सुरक्षा बल बढ़े तो इसका खामियाजा बंधकों को भुगतना पड़ेगा. उधर, कीनियाई राष्ट्रपति उहुरु केनयाता ने कहा, ‘‘हम इस हमले के सूत्रधारों को शीघ्र दंडित करेंगे और इनके खिलाफ बिना किसी रहम के कार्रवाई की जाएगी.’’ कीनिया के एक सुरक्षा सूत्र तथा पश्चिम के एक खुफिया अधिकारी ने कहा कि इस्राइली सुरक्षा बल भी ब्रिटिश एवं अमेरिकी एजेंट के साथ अभियान में जुटे हुए हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola