कोडरमा के KTPS में कार्यरत मजदूर के गिरने से हुई मौत, विरोध में मजदूर यूनियन ने कंपनी गेट को किया जाम

jharkhand news: DVC द्वारा संचालित केटीपीएस के एसआर टर्बो प्लांट में काम के दौरान एक मजदूर के गिरने से मौत हो गयी. मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर मजदूर यूनियन के नेताओं ने कंपनी गेट को जाम कर दिया.
Jharkhand news: कोडरमा के जयनगर स्थित डीवीसी द्वारा संचालित केटीपीएस बांझेडीह के एसआर टर्बो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की साइड पर कार्यरत मजदूर कलेंद्र सिंह (50 वर्ष) पिता भुवनेश्वर सिंह की 20 फीट ऊंचाई से गिरने से मौत हो गयी. मृतक कंपनी में पाइप लाइन फीटर था और रामगढ़ स्थित पतरातू के बरतुआ का रहनेवाला था. मजदूर की मौत पर आक्रोशित झारखंड जेनरल मजदूर यूनियन सह एक्टू ने गेट नंबर एक पर धरना दिया. साथ ही कंपनी से मृतक के आश्रितों को को उचित मुआवजा व उसके परिजनों को भरण-पोषण की राशि देने की मांग की.
बताया गया कि कंपनी में कार्य के दौरान ऊंचाई से गिरने के बाद तत्काल घायल अवस्था में उसे सदर ले जाया गया. जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया. रिम्स जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इधर, प्रबंधन के इशारे पर कंपनी के लोग मृतक के शव को बगैर पोस्टमार्टम कराये उसके घर पहुंचा आये.
इसकी सूचना मिलने पर झारखंड जेनरल मजदूर यूनियन सह एक्टू के जिला संयोजक विजय पासवान के नेतृत्व में कंपनी के मजदूरों ने कार्य का बहिष्कार कर गेट नंबर एक पर धरना दिया. साथ ही कंपनी से मृतक मजदूर के आश्रितों को उचित मुआवजा और उसके परिजनों को भरण-पोषण के लिए राशि देने की मांग की. बता दें कि मृतक मजदूर अपने घर का एकलौता कमाऊ पूत था. वह अपने पीछे अपनी पत्नी, दो पुत्री व बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गया है.
Also Read: Jharkhand news: संतान नहीं होने पर पत्नी को जिंदा जलाया, गढ़वा के रंका में आरोपी पति विकास साव गिरफ्तार
मजदूर की मौत की सूचना आम होने के बाद भी इस इलाके के मजदूर, किसान और विस्थापितों के हक और अधिकार की बात करनेवाले चंद नेता ही गेट नंबर एक पर नजर आये. इस पूरे मामले में सांसद, विधायक सहित क्षेत्र के पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर का कोई नेता नजर नहीं आया. हालांकि, एक्टू जिला संयोजक विजय पासवान ने पूरा प्रयास किया कि मृतक का शव गेट पर पहुंचे और मुआवजा के लिए वार्ता हो. पीडित परिवार को मुआवजा मिले. मगर हक-अधिकार का दावा करनेवाला एक भी नेता नजर नहीं आया.
दोपहर बाद एटक प्रदेश उपाध्यक्ष सोनिया देवी, उप प्रमुख बीरेंद्र यादव, भाकपा नेता पुरूषोतम यादव गेट नंबर एक पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. इस दौरान नेताओं ने कहा कि आनन-फानन में मृतक के शव को उसके घर भेज देना प्रबंधन की चालबाजी को दिखाता है.
केटीपीएस परिसर में 20 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक बार फिर मजदूर की मौत ने प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है. सुरक्षा मानकों का अनुपालन नहीं करने के कारण बार बार ऐसी घटनाएं घट रही है. इसके बावजूद कंपनी प्रबंधन आज भी लापरवाह है.
उल्लेखनीय है कि गत 26 अगस्त को प्लांट परिसर में श्री विजया कंपनी के हेड कृष्णा प्रसाद, नंद कुमार कोडाली नागपुर मोदा निवासी सहित चार लोगों की ट्रॉली टूटने से गिरकर मौत हो गयी थी. उक्त मामले को लेकर जांच टीम गठित हुई थी. उसमें भी प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई थी.
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




