सिलीगुड़ी : गुरूंगबस्ती बाजार को लेकर सियासत गरमायी

Updated at :26 Feb 2017 10:38 AM
विज्ञापन
सिलीगुड़ी : गुरूंगबस्ती बाजार को लेकर सियासत गरमायी

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी की वर्षों पुरानी अवैध व अस्थायी बाजार ‘गुरूंगबस्ती बाजार’ को हटाने और न हटाने को लेकर सियासत गरमाने लगी है. वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस (तृकां) द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. तीन नंबर वार्ड तृकां कमेटी के नेता जहां वामपंथी नेता, वार्ड पार्षद सह सिलीगुड़ी नगर निगम के […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी की वर्षों पुरानी अवैध व अस्थायी बाजार ‘गुरूंगबस्ती बाजार’ को हटाने और न हटाने को लेकर सियासत गरमाने लगी है. वामपंथी और तृणमूल कांग्रेस (तृकां) द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. तीन नंबर वार्ड तृकां कमेटी के नेता जहां वामपंथी नेता, वार्ड पार्षद सह सिलीगुड़ी नगर निगम के डिप्टी मेयर रामभजन महतो पर 30-40 वर्ष पुराने इस अवैध बाजार को न हटाने और वार्ड के ही श्री श्री महामाया काली मंदिर के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन (वेस्टलैंड) हड़पने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं श्री महतो आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सरकारी जमीन पर बाजार बैठाने वालों पर ही पलटवार किया है.

दूसरी ओर, गुरूंगबस्ती के मुख्य सड़क पर लग रहा अवैध बाजार से तंग आकर और उसे हर कीमत पर हटाने के लिए अब वार्ड का ही पूरा समाज एकजुट होने लगा है. इसके लिए तीन नंबर वार्ड नागरिक वृंद के बैनर तले कवायद भी शुरू कर दी गयी है. इस बैनर में केवल राजनैतिक पार्टियों के नेता-कार्यकर्ता ही नहीं बल्की वार्ड के आम नागरिक, समाजसेवी, छात्र, स्थायी दुकानदार के अलावा अवैध बाजार में दुकान लगाने वाले फल, सब्जी, मछली व मांस विक्रेता भी शामिल हो चुके हैं. आश्चर्य की बात यह है कि बाजार लगाने वाले दुकानदार खुद ही चाहते हैं कि सरकार उन्हें एक स्थायी बाजार की व्यवस्था करे. सड़क पर बाजार लगाने से उन्हें भी काफी परेशानी होती है.

रामभजन महतो ने तृकां पर किया पलटवार: डिप्टी मेयर रामभजन महतो ने अपने ऊपर लगाये गये सभी आरोपों का खंडन करते हुए तृकां पर ही पलटवार किया. उन्होंने सरकारी जमीन पर बाजार बैठानेवालों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा सरकारी कामकाज में दखलअंदाजी करने का किसी को भी अधिकार नहीं है. उनका कहना है कि काली मंदिर के पास की जमीन न तो मंदिर के अधीन आती है और न ही किसी की भी पुश्तैनी जमीन है.

क्या है समस्या : गुरूंगबस्ती के मुख्य सड़क पर वर्षों से दिन भर लगने वाले बाजार की वजह से लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. वार्ड में ही रहनेवाले एक युवा छात्र विकास राय का कहना है कि बाजार के लगने के वजह से इस रूट में न तो स्कूल बसे, सिटी ऑटो, लोकल बसे आती हैं और न ही एंबुलेंस व दमकल इंजन समय पर पहुंच पाती है. चंदन मजूमदार का कहना है कि बाजार में हमेशा भीड़भाड़ रहने की वजह आये दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं. बाजार के पास ही अपने मकान के सामने स्टेशनरी दुकान चलानेवाले दिलीप गुप्ता का कहना है कि बाजार के वजह से छात्र-छात्राओं व अन्य ग्राहकों को दुकान में पहुंचने में काफी दिक्कतें आती है. इस वजह से सही तरीके से दुकानदारी नहीं हो पाती. वहीं, सविता गुप्ता ने बाजार की वजह से सड़क किनारे गंदगी का हमेशा अंबार लगने पर आवाज उठायी है. उनका कहना है कि मछली, मांस और साग-सब्जी बेचनेवाले अपनी दुकानों का कचरा सड़क किनारे ही फेंक देते हैं. निगम द्वारा रखी गयी कचरा पेटी का भी इस्तेमाल नहीं करते. इसका विरोध करने पर उल्टा लड़ाई-झगड़ा पर उतारू हो जाते हैं. सड़क किनारे 24 घंटों कचड़ा का ढेर लगा रहने से जीना मुहाल हो गया है. हमेशा दुर्गंध फैली रहने से न तो खाना खाया जा सकता है और न ही सड़क पर चला जा सकता है. दिन में ही मच्छर डंक मारने लगते हैं. इसे लेकर वार्ड पार्षद से कई बार शिकायत करने के बाद भी आजतक कुछ नहीं हुआ.

क्या कहना है तृकां के नेताओं का : तीन नंबर वार्ड तृकां कमेटी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने वार्ड पार्षद व डिप्टी मेयर रामभजन महतो पर बाजार न हटाने और सरकारी जमीन मंदिर के नाम पर दखल करने का आरोप लगा रहे हैं. कमेटी के अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव जो कि गुरूंगबस्ती बाजार समिति के भी अध्यक्ष हैं, उनका कहना है कि गुरूंगबस्ती के मुख्य सड़क पर लगनेवाला अस्थायी व अवैध बाजार के वजह से लोगों को हमेशा ही समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है. इस समस्या से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए तीन नंबर वार्ड नागरिक वृंद ने गुरूंगबस्ती से बाजार हटाकर काली मंदिर के पास की वेस्ट जमीन पर स्थायी तरीके से बैठाने का विचार किया. लेकिन यह बात फैलते ही श्री महतो अपने पद व पावर का गलत इस्तेमाल कर सरकारी जमीन को श्री श्री महामाया काली मंदिर के आड़ में दखल करना चाहते हैं. वहीं, वार्ड के ही रहनेवाले राणा सिंहा व प्लास सिंहा इस सरकारी जमीन पर किस तरह अपना हक जता रहे हैं. श्री यादव ने बताया कि कल ही रामभजन महतो द्वारा प्रधाननगर थाना में इस सरकारी जमीन को तकां द्वारा दखल करने की शिकायत दायर करायी है. तकां वार्ड कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष साहा का कहना है कि श्री महतो तृकां पर गलत आरोप लगा रहे हैं. हम कानूनी तरीके से स्थायी बाजार लगाने का प्रयास कर रहे हैं. आज वार्ड कमेटी द्वारा श्री महतो के विरुद्ध प्रधाननगर थाना में सामूहिक याचिका दायर करायी गयी है. जल्द ही सरकारी जमीन पर स्थायी तरीके से गुरूंग बस्ती बाजार स्थानांतरित करने के लिए निगम के संबंधित विभागों के अधिकारियों (एसआरओ) से गुजारिश भी की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola