मेयर के वार्ड में ही डेंगू ने लिया भयानक रूप

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Nov 2016 7:54 AM

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में एक बार फिर से डेंगू का प्रकोप काफी बढ़ गया है. डेंगू को लेकर शहर वासियों के मन में भय है. निगम के छह नंबर वार्ड के लोगों को डेंगू की सबसे अधिक चिंता सता रही है.यह सिलीगुड़ी के मेयर का वार्ड है. काली पूजा के बाद डेंगू के […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी नगर निगम इलाके में एक बार फिर से डेंगू का प्रकोप काफी बढ़ गया है. डेंगू को लेकर शहर वासियों के मन में भय है. निगम के छह नंबर वार्ड के लोगों को डेंगू की सबसे अधिक चिंता सता रही है.यह सिलीगुड़ी के मेयर का वार्ड है. काली पूजा के बाद डेंगू के करीब 20 नये मामले सामने आये हैं.

यहां के लोगों में मेयर अशोक भट्टाचार्य के खिलाफ रोष है. मंगलवार को इलाके के लोगों ने मेयर की काफी आलोचना की. उल्लेखनीय है कि छह नंबर वार्ड का डांगीपाड़ा, कुरैशी मुहल्ला आदि काफी सकरा है. अवैध निर्माण भी काफी अधिक है. स्थानीय लोगों ने हाइ ड्रेन के उपर स्लैब डालकर घर, रसोइ घर आदि बनाकर कब्जे में कर लिया है. इस इलाके में जल निकासी की व्यवस्था है लेकिन नालों में कचरा जमा होने से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह से ठप है. इलाका वासियों का आरोप है कि ना तो वार्ड पार्षद तथा मेयर इलाके का हाल जानने आते है और ना ही सफाइ कर्मचारी ठीक से करते हैं. इलाके के करीब-करीब सभी नाले प्लास्टिक, कागज, घर से निकलने वाले कूड़ा करकट से भर गए हैं. इसकी वजह से गंदा पानी निकल नहीं पा रहा है, फलस्वरूप इलाके में दुर्गंध और मच्छर का प्रकोप बढ़ रहा है.

मंगलवार को डांगीपाड़ा इलाके के एक साथ कइ लोगों को सिलीगुड़ी अस्पताल सहित शहर के कइ निजी अस्पतालों में भरती कराया गया. इलाका वासियों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले कइ दिनों से ये सभी बुखार से पीड़ित थे. एक साथ कइ लोगों को अस्पताल ले जाने की खबर बड़ी ही तेजी के साथ फैली. खबर सुनकर स्थानीय लोग नाराज हो गये. स्थानीय निवासी मुहम्मद अमीर का कहना है कि इलाके की सफाइ ठीक तरह से नहीं हो रही है. वार्ड मास्टर को बार-बार कहने पर भी कोइ फायदा नहीं होता है. वार्ड पार्षद व निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य एक बार भी इस इलाके का जाएजा लेने नहीं आते हैं.

कालीपूजा के बाद से इलाके के करीब 20 लोगों को डेंगू हुआ है. इसके अतिरिक्त कइ लोग पहले से अस्पताल में भरती हैं. मंगलवार को एक निजी अस्पताल से इलाज करा कर आयाेडेंगू मरीज रूबेल खंदकार(26) ने बताया कि करीब एक सप्ताह अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा. ठीक होने के बाद आज ही उसे अस्पताल से छुट्टी मिली है. अन्य स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के कुल पांच लोगों को डेंगू हो गया. इनके रूपम दास(25), जयश्री दास(28), सीमा दास(46), दीपीका दास(25), दीपक दास(32) है. इसमें रूपम का प्लेटलेट्स पैंसठ हजार के करीब हो गया था. इसके अतिरिक्त स्थानीय जॉनी घोष, मुन्ना खान सहित इलाके की कइ महिलाओं को भी डेंगू की शिकायत है. इनमें से अधिकांश ही निजी अस्पतालों व सिलीगुड़ी अस्पताल में भर्ती हैं. इलाका वासियों का कहना है कि मेयर वार्ड की परिस्थिति देखने तक नहीं आते हैं, उनके द्वारा नियुक्त वार्ड मास्टर गौतम गुहा भी सफाइ कार्य की अनदेखी कर रहे हैं. कर्मचारी कम होने का बहाना बनाकर बात को टाल देते हैं. निगम के कर्मचारियों से कहने पर वे लोग अलग से रूपये मांगते है. इलाका वासियों ने कहा कि अविलंब निगम की ओर से सफाइ व्यवस्था नहीं की गयी, और मेयर वार्ड वासियों का हाल-चाल पूछने नहीं आये तो उनके कार्यालय के सामने आंदोलन किया जायेगा.

क्या कहते हैं मेयर
इस संबंध में सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर अशोक भट्टाचार्य से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि डेंगू सिर्फ उनके वार्ड की ही समस्या नहीं है. पूरे राज्य का हाल एक सा है. इसके लिये राज्य की मुख्यमंत्री व स्वास्थ मंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदारी लेनी होगी. जहां तक बात है सफाइ की तो प्रत्येक वार्ड की तरह छह नंबर वार्ड में भी सफाइ होती है. नियमित रूप से नालों की सफाइ की जाती है. डेंगू गंदे पानी में नहीं बल्कि साफ पानी पनपता है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola