लाभा इलाके में चार दिनों से बिजली नदारद

Published at :18 Oct 2016 1:58 AM (IST)
विज्ञापन
लाभा इलाके में चार दिनों से बिजली नदारद

जलपाईगुड़ी. कालिम्पोंग के लाभा, रिसप तथा कोलाथाम इलाके में पिछले कुछ दिनों से बिजली सेवा चरमरा गई है. बिजली नहीं रहने से आम लोग तो परेशान है ही, साथ ही पर्यटकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसकी वजह से यहां के लोगों में भारी रोष है. रिसॉर्ट मालिकों का कहना […]

विज्ञापन
जलपाईगुड़ी. कालिम्पोंग के लाभा, रिसप तथा कोलाथाम इलाके में पिछले कुछ दिनों से बिजली सेवा चरमरा गई है. बिजली नहीं रहने से आम लोग तो परेशान है ही, साथ ही पर्यटकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसकी वजह से यहां के लोगों में भारी रोष है. रिसॉर्ट मालिकों का कहना है कि प्रशासन को कई बार इस बात की जानकारी देने के बाद भी कोई लाभ नहीं हुआ है. इस पर्यटन मौसम में बिजली की गड़बड़ी से भारी संख्या में पर्यटक पहाड़ छोड़कर वापस लौट रहे हैं.

जो पर्यटक बच गये हैं, वह भी जल्दी यहां से निकलना चाहते हैं. यहां उल्लेखनीय है कि लाभा, रिसप तथा कोलाथाम इलाके में 100 से भी अधिक रिसॉर्ट बने हुए हैं. कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न इलाकों से करीब पांच हजार पर्यटक यहां आये हुए हैं. कंचनजंगा की चोटी को ठीक तरह से देख पाना इसी इलाके से संभव है. यही वजह है कि सिर्फ इस साल ही नहीं, हर साल ही यहां भारी संख्या में पर्यटक आते हैं. इस बीच, बिजली की गड़बड़ी की वजह से आने वाले दिनों में पर्यटन पर प्रभाव पड़ सकता है. हालांकि प्रशासन ने इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है. झारखंड के जमशेदपुर से आने वाले एक पर्यटक अमल आचार्या का कहना है कि वह 100 परिवार पहाड़ पर छुट्टी मनाने आये थे. पहले छुट्टी का सारा मजा बारिश ने किरकिरा कर दिया है. अब बिजली गुल होने से काफी परेशानी हो रही है.

यहां आकर लगता है कि फंस गये हैं. कोलकाता से आये एक पर्यटक कौशिक चन्द्र ने भी कुछ इसी प्रकार की शिकायत की है. उन्होंने कहा कि इस इलाके में भीषण ठंड है. बिजली नहीं रहने से काफी कष्ट हो रहा है. पेयजल तक की समस्या हो रही है. जिस कमरे में वह रूके हुए हैं, वहां रात भर बत्ती नहीं थी. पूरा रात अंधेरे में काटना पड़ा है. एक अन्य पर्यटक मोनालीसा घोष ने भी अपनी परेशानी बतायी. उन्होंने कहा कि छुट्टी मनाना एक तरह से आफत हो गया. इस तरह की परेशानी कभी नहीं भुला सकती.

डीएम ने दिया समाधान का भरोसा
इस मामले को लेकर जीटीए के सभासद कल्याण देवान ने भी तंज कसा है. उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की परेशानी सिलीगुड़ी या कोलकाता में होती तो कब का समस्या का समाधान हो जाता. वह लोग पहाड़वासी हैं, इसीलिए राज्य सरकार समस्या समाधान करने की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है. दूसरी तरफ इस मामले को लेकर बिजली कंपनी के कोई भी अधिकारी कुछ भी नहीं कहना चाह रहे. हालांकि दार्जिलिंग के जिला अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने कहा है कि इस इलाके में काफी दूर से बिजली की आपूर्ति की जाती है. आंधी-तूफान की वजह से बिजली में गड़बड़ी आयी है. भविष्य में इस तरह की परेशानी न हो, इसके लिए वही एक सब-स्टेशन बनाने का निर्णय लिया गया है.
पर्यटकों की पहली पसंद
कालिम्पोंग महकमा के लाभा, रिसप तथा कोलाथाम इलाके की विशेषता यह है कि सूर्योदय के समय कंचनजंगा की चोटी को यही से सबसे बेहतर देखा जा सकता है. यहां सेव के भी बागान हैं और प्राकृतिक छंटा को देखने के लिए कई स्थानों पर व्यू प्वाइंट बनाये गये हैं. लाभा की ऊंचाई 77 सौ फीट, कोलाथाम की ऊंचाई 64 सौ फीट तथा रिसप की ऊंचाई 8500 फीट है. यहां अभी से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है. बिजली नहीं रहने से पेयजल की आपूर्ति भी बाधित है और लोगों को खदीद कर पानी पीना पड़ रहा है. ठंडे पानी में ही नहाना-धोना पड़ रहा है. इससे कई पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई है. चार दिनों से यहां बिजली नहीं है. पर्यटक जल्दी से जल्दी यहां से निकल जाना चाहते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola