धूप ने बढ़ाई पूजा की रौनक

Published at :27 Sep 2016 1:39 AM (IST)
विज्ञापन
धूप ने बढ़ाई पूजा की रौनक

सिलीगुड़ी. बीते तीन दिनों से पूरे उत्तर बंगाल में हो रही लगातार बारिश से जहां पूजा की रौनक मंद पड़ गयी थी वहीं, सोमवार दिन के करीब 12 बजे के बाद धूप निकलने से पूजा की रौनक बढ़ गयी और बाजार गुलजार हो उठा. चिलचिलाती धूप के बावजूद बाजारों में देखते ही देखते भीड़ भी […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. बीते तीन दिनों से पूरे उत्तर बंगाल में हो रही लगातार बारिश से जहां पूजा की रौनक मंद पड़ गयी थी वहीं, सोमवार दिन के करीब 12 बजे के बाद धूप निकलने से पूजा की रौनक बढ़ गयी और बाजार गुलजार हो उठा. चिलचिलाती धूप के बावजूद बाजारों में देखते ही देखते भीड़ भी काफी बढ़ गयी. दुकानदारों के गमगीन चेहरों पर मुस्कराहट लौट आयी. सिलीगुड़ी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर बंगाल के सभी छोटे-बड़े शहरों, कस्बों, गांवों के हाट-बाजारों, दुकान, प्रतिष्ठानों में अन्य दिनों के अपेक्षा आज काफी अधिक भीड़ देखने को मिली.

बंगाल के सबसे बड़े उत्सव दुर्गोत्सव के मात्र 10-12 दिन ही शेष बचे हैं. इस उत्सव में नये पोशाक खरीदने और रिश्तेदारों एवं परिचितों के बीच तोहफा देने का पारंपरिक रिवाज है. इसके मद्देनजर उत्सव शुरू होने के 15-20 दिन पहले से ही खरीदारी शुरू हो जाती है. इस साल भी बाजारों में बिक्री शुरू होने के साथ ही लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश ने बाजार की रौनक फिकी कर दी थी.

दुर्गा पूजा पूरे उत्साह व जोश के साथ मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी करनी शुरू कर दी है. खरीदारी को लेकर खासकर महिलाओं व युवक-युवतियों में अधिक उत्साह देखा जा रहा है. बाजारों में अभी रेडिमेड पोशाकों, जूता-चप्पल, आभूषण व सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों व शॉरुमों में खरीदारों की अधिक भीड़ उमड़ रही है.

सिलीगुड़ी में दिनभर लगा रहा जाम ः दुर्गा पूजा की खरीदारी को लेकर आज सिलीगुड़ी शहर में दिनभर जाम की समस्या नये सिरे से खड़ी हो गयी. वजह पूजा के दौरान उत्तर बंगाल के सभी छोटे-बड़े शहरों या गांव-कस्बे ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार, सिक्किम के अलावा पड़ोसी देश नेपाल-भूटान से भी संपन्न घराने व मध्यम वर्गीय के लोग खरीदारी करने के लिए सिलीगुड़ी आते हैं. आज शहर में बाहरी वाहनों के वजह से हर ओर जाम लगी रही. खासकर शहर के ह्रदयस्थल हिलकार्ट रोड, सेवक रोड, विधान रोड में जाम ने विकराल रूप धारण कर लिया. साथ ही मुख्य सड़कों को जोड़नेवाली पॉकेट रूटों में भी जाम लगा रहा. आज लोगों को अपने निर्धारित जगहों पर पहुंचने के लिए घंटों-घंटों जाम में ही फंसना पड़ा. जाम की वजह से जहां मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मुसाफिरों व दफ्तरों में आनेजाने वाले कर्मचारियों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा वहीं, शहर की यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए ट्रॉफिक पुलिस को खूब पसीना बहाना पड़ा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola