बैंक लूट कांड: छह और बदमाशों को तलाश रही है पुलिस

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 10 May 2016 2:42 AM

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. बागडोगरा के एक सरकारी बैंक में हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अदालत से रिमांड पर लेकर पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के क्रम में इन दोनों ने बैंक लूट से संबंधित कई अन्य तथ्यों का खुलासा किया है. पुलिस […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी. बागडोगरा के एक सरकारी बैंक में हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अदालत से रिमांड पर लेकर पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

पूछताछ के क्रम में इन दोनों ने बैंक लूट से संबंधित कई अन्य तथ्यों का खुलासा किया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बैंक लूट कांड में कुल आठ बदमाश शामिल थे. इनमें से दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, बाकी छह लोग अभी भी फरार चल रहे हैं. पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाकी के छह आरोपी झारखंड भाग गये हैं. जिन दो बदमाशों को पकड़ा गया है, यह दोनों भी झारखंड के साहेबगंज के रहने वाले हैं. यह सभी लोग पुराने हिस्ट्रीशिटर हैं और इससे पहले भी बैंक लूट तथा डकैती जैसी कई अन्य वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. इनके खिलाफ झारखंड, दिल्ली तथा उड़ीसा में भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि पूछताछ के क्रम में इन दोनों ने लूटकांड में शामिल बाकी अन्य लोगों के नाम बता दिये हैं. इन दोनों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की एक टीम झारखंड जायेगी. सिलीगुड़ी पुलिस इस बात को लेकर झारखंड पुलिस के साथ संपर्क में है.

पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि यह सभी बदमाश वारदात को अंजाम देने के कई दिनों पहले सिलीगुड़ी आ गये थे. इनमें से दो बदमाश बागडोगरा के एक होटल में रूके थे, जबकि बाकी के बदमाश सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके के एक होटल में ठहरे थे. इस बात की पुष्टि पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने भी की है. संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मनोज वर्मा ने कहा है कि झारखंड से आकर इन बदमाशों ने लूट के इस वारदात को अंजाम दिया है. इस बीच, पुलिस सूत्रों का कहना है कि सभी बदमाश बागडोगरा के उस सरकारी बैंक की कई दिनों से रेकी कर रहे थे. कई बार इन लोगों ने बैंक के अंदर जाकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा भी लिया था. ऐसे बैंक में भी सुरक्षा इंतजामों में कई खामियां पायी गई है.

पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के पुराने फुटेज को भी खंगालने की कोशिश में जुटी हुई है. यह सभी बदमाश कई दिनों तक बैंक की रेकी करने के बाद वहां के कर्मचारियों की गतिविधियों तथा सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी प्राप्त कर चुके थे.

पिछले दिनों बैंक में लूट के बाद दो बदमाश बस द्वारा फरार हुए, जबकि अन्य बदमाश बागडोगरा से न्यू जलपाईगुड़ी आकर झारखंड के साहेबगंज ट्रेन से रवाना हो गये. पुलिस ने दो में से एक बदमाश उत्तम हाजरा को दक्षिण दिनाजपुर जिले के बंशीहारी से तथा एक बदमाश कमल हसन को मालदा जिले के मानिकचक से गिरफ्तार किया है. अदालत में पेशी के बाद पुलिस ने दोनों को 14 दिनों के रिमांड पर लिया है और इनसे गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया है कि यह लोग इससे पहले भी इस इलाके में लूट की किसी घटना को अंजाम दे चुके हैं या नहीं, पुलिस यह भी पता करने की कोशिश कर रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola