तृणमूल नेता सहित एक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

खुदु मंडल हत्या मामला. जिले की राजनीति में मची हलचल मालदा : 72 वर्षीय वृद्धा खुदु मंडल की हत्या मामले में पुलिस ने तृणमूल नेता तथा रतुआ एक नंबर पंचायत समिति के सदस्य मोहम्मद यासिन तथा उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. मालदा पुलिस ने वीरभूम जिले की पुलिस की मदद से शुक्रवार देर रात […]

विज्ञापन
खुदु मंडल हत्या मामला. जिले की राजनीति में मची हलचल
मालदा : 72 वर्षीय वृद्धा खुदु मंडल की हत्या मामले में पुलिस ने तृणमूल नेता तथा रतुआ एक नंबर पंचायत समिति के सदस्य मोहम्मद यासिन तथा उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है.
मालदा पुलिस ने वीरभूम जिले की पुलिस की मदद से शुक्रवार देर रात को दोनों को वीरभूम जिले के रामपुरहाट स्टेशन इलाके से गिरफ्तार किया है. आज दोनों को चांचल महकमा अदालत में पेश किये जाने के बाद न्यायाधीश ने आरोपियों को सात दिनों तक पुलिस रिमांड पर रखने का निर्देश दिया. उल्लेखनीय है कि पुलिस ने तृणमूल नेता मोहम्मद यासिन के वाहन चालक जाकिर शेख को भी वृद्धा की हत्या में जुड़े रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
दूसरी ओर, मोहम्मद यासिन की गिरफ्तारी के बाद आज सुबह उसके परिवार व तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने रतुआ थानांतर्गत बाहराल इलाके के मालदा-चांचल सड़क पर पथावरोध कर विरोध प्रदर्शन किया. सुबह छह बजे से 11 बजे तक पथावरोध का सिलसिला चलता रहा. बाद में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा कर पथावरोध हटवाने में कामयाब रही. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुआज्जेन हुसैन ने बताया कि पथावरोध में तृणमूल कांग्रेस का हाथ नहीं है.
उल्लेखनीय है कि बीते 22 अगस्त को भालुका ग्राम पंचायत अंतर्गत पालपाड़ा निवासी खुदु मंडल की हत्या की घटना घटी थी. वृद्धा की एक बीघा जमीन हड़पने के लिए भू-माफियाओं ने वृद्धा की हत्या को अंजाम दिया था. वारदात के दिन ही वृद्धा के बेटे ने हरिशचंद्रपुर थाने में 10 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी. 24 अगस्त की रात को इस हत्या के मामले में पुलिस ने भालुका इलाके से दीनेश मंडल व आइनुर हक नामक दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. ये दोनों जमीन के खरीद-फरोख्त के काम से जुड़े हुए थे.
इन दोनों से पूछताछ के क्रम में पुलिस को झारखंड निवासी सुपारी किलर ऋषि मंडल का सुराग मिला. पुलिस ने बीते गुरुवार रात को उसे भी गिरफ्तार कर लिया. ऋषि मंडल से पूछताछ के दौरान पुलिस को तृणमल नेता मोहम्मद यासिन के बारे में पता चला.
मोहम्मद यासिन को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान चलाना शुरू कर दिया. रतुआ थानांतर्गत बाहाराल गांव स्थित उसके घर में भी पुलिस ने अभियान चलाया. वहां मोहममद यासिन नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन के लोकेशन के आधार पर शुक्रवार रात को रामपुरहाट से उसे गिरफ्तार करने में कामयाब रही.
मंत्री सावित्री मित्रा घेरे में
इधर, मोहम्मद यासिन की गिरफ्तारी के बाद से जिले की राजनीति में हलचल है. गिरफ्तार मोहम्मद यासिन मंत्री सावित्री मित्रा खेमे का माना जाता है.
मोहम्मद यासिन की गिरफ्तारी के सिलसिले में मंत्री सावित्री मित्रा से पूछे जाने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि इस बारे में वह कुछ नहीं बोलना चाहती है. पुलिस ने उसे क्यों गिरफ्तार किया है, नहीं मालूम. बागवानी मंत्री कृष्णेंदु चौधरी ने साफ कहा कि मोहम्मद यासिन तृणमूल कांग्रेस का कोई नहीं है.
वह एक कुख्यात अपराधी है. तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुआज्जेन हुसैन ने भी बताया कि मोहम्मद यासिन से पार्टी का कोई लेनादेना नहीं है. वह पार्टी का कोई नहीं है. पुलिस अधीक्षक प्रसून बनर्जी ने बताया कि खुदु मंडल की हत्या मामले में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.पुलिस बाकी आरोपियों को तलाश रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola