उत्तर बंगाल: बिहार, असम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लाखों लोग प्रभावित ट्रेन सेवा अब भी बेपटरी, मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख

Published at :17 Aug 2017 8:25 AM (IST)
विज्ञापन
उत्तर बंगाल: बिहार, असम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लाखों लोग प्रभावित ट्रेन सेवा अब भी बेपटरी, मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख

सिलीगुड़ी/कोलकाता. पिछले दिनों भारी बारिश की वजह से विभिन्न इलाकों में आयी बाढ़ के कारण रेल सेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई है. एक तरह से कहा जाये तो पिछले चार दिनों से पूर्वोत्तर क्षेत्र से रेल सेवा बंद है. सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के इलाकों में हालांकि बारिश रुक गयी है लेकिन अगले एक […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी/कोलकाता. पिछले दिनों भारी बारिश की वजह से विभिन्न इलाकों में आयी बाढ़ के कारण रेल सेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई है. एक तरह से कहा जाये तो पिछले चार दिनों से पूर्वोत्तर क्षेत्र से रेल सेवा बंद है. सिलीगुड़ी तथा इसके आसपास के इलाकों में हालांकि बारिश रुक गयी है लेकिन अगले एक सप्ताह तक रेल सेवा में सुधार के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. खास कर उत्तर दिनाजपुर, मालदा जिले सभी नदियां उफान पर हैं.

नेपाल तथा बिहार में बारिश की वजह से इन नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, दालकोला, तेलता, सुधानी, बारसोई, रायगंज, बालुरघाट, बुनियादपुर, कुमेदपुर, कुरेथा तथा कटिहार सेक्शन पर रेलवे लाइन के नीचे से बहनेवाली जितनी भी नदियां है, सभी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इस बीच कुमेदपुर-कटिहार सेक्शन पर बुधवार को एक और रेलवे पुल के बह जाने से रेलवे की परेशानी काफी बढ़ गयी है.

रेलवे सूत्रों ने बताया कि मनियन और कुरेथा के बीच 7/2- 3 किलोमीटर पर एक रेलवे पुल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. इस पुल का अधिकांश हिस्सा नदी के तेज बहाव में बह गया है. इसकी वजह से बुधवार से कटिहार और कुमेदपुर सेक्शन पर भी ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी गयी है. रेलवे सूत्रों ने आगे बताया कि बाढ़ की वजह से जिन रेलवे पुलों को नुकसान हुआ है उनकी मरम्मत का काम जारी है लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण इसमें परेशानी हो रही है. ब्रिज संख्या एमके8, एमके9 तथा एमके 11 को बनाने की कोशिश की जा रही है. वहां बोल्डर तथा पत्थर आदि गिराये जा रहे है. हालांकि पानी की रफ्तार इतनी तेज है कि बोल्डर और पत्थर उसमें बह जा रहे हैं. इधर, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए गुवाहाटी से दालकोला तक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. रेलवे के सीपीआरओ प्रणवज्योति शर्मा ने बताया है कि गुवाहाटी स्टेशन पर अभी भी 120 यात्री फंसे हुए हैं. रेल प्रशासन इनको अपने गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है. इस बीच पूर्वोत्तर राज्यों का संपर्क अभी भी देश के शेष भाग से कटा हुआ है. रेल तथा सड़क संपर्क कटे होने की वजह से यहां आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पूर्वोत्तर राज्यों में आने-जाने वाले लोग अभी भी विभिन्न स्थानेां पर फंसे हुए हैं. रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक स्थिति के सामान्य होने की कोई संभावना नहीं है. क्षतिग्रस्त पुलों के मरम्मत के साथ ही तत्काल रेल सेवा बहाल करने की कोशिश की जा रही है,लेकिन जब तक नदियों का जलस्तर कम नहीं हो जाये तब तक पुलों को मरम्मत कराने में परेशानी हो रही है. एक बार नदियों का जलस्तर कम हो जाए तभी रेल पुलों की मरम्मत में आसानी होगी.
77 ट्रेनें रद्द की गयी हैं
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने 77 ट्रेनों को रद्द कर दिया है. इनमें से अधिकांश ट्रेनें 20 अगस्त तक के लिए रद्द कर दी गयी हैं. सीपीआरओ प्रणव ज्योति शर्मा के अनुसार, शताब्दी, राजधानी, दार्जिलिंग मेल, सराइघाट एक्सप्रेस, पदातिक, नॉर्थ ईस्ट, तीस्ता तोर्षा, उत्तरबंग, कंचनकन्या, त्रिपुरा सुंदरी, ब्रह्मपुत्र मेल, महानंदा एक्सप्रेस सहित कुल 77 ट्रेनें रद्द कर दी गयी है.
कई ट्रेनों के रूट में बदलाव: कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है तथा कई ट्रेनें गंतव्य से पहले ही रोक दी गयी हैं. 15417 तथा 15418 ट्रेन को अलीपुरद्वार, शिलघाट के स्थान पर फकीराग्राम, शामुकता होकर चलाया जा रहा है. राजरानी एक्सप्रेस तथा आनंद विहार सीमांचल एक्सप्रेस के रूट में बदलाव करने के साथ ही इसको शॉट टर्मिनेट किया गया है.
मालदा और कटिहार तक ही चलेगी ट्रेनें: इस बीच पूर्वोत्तर की ओर आने वाली ट्रेनें मालदा तथा कटिहार तक ही चलेंगी. रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को एक निर्देश जारी किया है. इसके अनुसार इस महीने की 20 तारीख तक पूर्वोत्तर की ओर जानेवाली सभी ट्रेनें कटिहार तथा मालदा तक चलेंगी.
मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में बाढ़ से मरने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक मुआवजा देने का एलान किया है. बुधवार को राज्य सचिवालय नवान्न से बाहर निकलते समय मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी लोग बाढ़ में मारे गये हैं, सरकार उनके परिजनों को दो-दो लाख रुपये देगी. सरकार बाढ़ प्रभावितों के साथ है. उन्हें युद्ध स्तर पर राहत पहुंचाने का काम चल रहा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola