अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में भी रोबोट के माध्यम से होगी सर्जरी

राज्य के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कैम्ब्रिज स्थित एक कंपनी को एसएसकेएम अस्पताल को 6.44 करोड़ की लागत से रोबोट की आपूर्ति करने का अनुबंध प्राप्त हुआ है.
एसएसकेएम अस्पताल से शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी की प्रक्रिया कोलकाता. अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में भी रोबोट के माध्यम से सर्जरी हाेगी. महानगर में स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एसएसकेएम अर्थात पीजी हॉस्पिटल में रोबोटिक सर्जरी शुरू होनेवाली है. यह राज्य का पहला सरकारी अस्पताल होगा, जहां यह प्रक्रिया शुरू होनेवाली है. बताया गया है कि राज्य सरकार ने कुछ वर्ष पहले इसे लेकर पहल शुरू की थी और स्वास्थ्य विभाग ने रोबोट खरीदने के लिए वैश्विक निविदाएं आमंत्रित की थीं. राज्य के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कैम्ब्रिज स्थित एक कंपनी को एसएसकेएम अस्पताल को 6.44 करोड़ की लागत से रोबोट की आपूर्ति करने का अनुबंध प्राप्त हुआ है. सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद राज्य के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिये हैं. बताया गया है कि रोबोटिक सर्जरी एक ऐसी विधि है, जिसमें रोबोट के माध्यम से बहुत छोटे उपकरणों का उपयोग करके सर्जरी की जाती है. सर्जन रोबोटिक भुजा को कंप्यूटर से नियंत्रित करते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि सर्जरी को मरीज के बिस्तर से दूर से नियंत्रित किया जायेगा. डॉक्टर के सामने एक 3डी स्क्रीन होगी और उसकी मदद से वह रोबोट को सर्जरी करने का निर्देश देगा. ऐसी स्थिति में, यदि किसी मरीज के पेट के अंदर ट्यूमर है, तो यह रोबोट एक छोटा-सा छिद्र करेगा और डॉक्टर के निर्देशानुसार कैमरा डाल देगा. परिणामस्वरूप, सर्जन यह देख सकेंगे कि ट्यूमर कहां है. उसी तरह, वह रोबोट को सर्जरी करने का निर्देश देंगे. रोबोट उसी के अनुरूप काम करेगा. डॉक्टरों के अनुसार, कई वरिष्ठ सर्जन ऐसे हैं, जिनके हाथ अनुभव के बावजूद उम्र के कारण सर्जरी के दौरान कांपते हैं. उनके अनुभव का उपयोग करके रोबोटिक सर्जरी करना संभव है. वर्तमान में यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, स्त्री रोग, वक्ष रोग, किडनी, सिर व गर्दन, स्तन और कोलन कैंसर जैसी जटिल सर्जरी में रोबोटिक सर्जरी की आवश्यकता बढ़ रही है. कई निजी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी की जाती है, जिसकी लागत बहुत अधिक होती है. हालांकि सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी निःशुल्क होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




