ePaper

गणतंत्र दिवस पर कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

Updated at : 24 Jan 2026 1:14 AM (IST)
विज्ञापन
गणतंत्र दिवस पर कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

रेड रोड को 17 जोन व 125 सेक्टरों में बांटकर होगी निगरानी

विज्ञापन

2500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी किये जायेंगे तैनात कोलकाता. गणतंत्र दिवस के मद्देनजर कोलकाता पुलिस ने महानगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. खास तौर पर 26 जनवरी की परेड को देखते हुए रेड रोड और उसके आसपास के इलाकों को अभेद्य सुरक्षा घेरे में लाने की व्यापक योजना तैयार की गयी है. लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में रेड रोड इलाके को 17 जोन और 125 सेक्टर में बांटकर निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार से ही सुरक्षा के मद्देनजर शहर की सड़कों पर नाका चेकिंग और सख्त की जा रही है. रविवार से पूरे महानगर में 2500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है. यह बल दो अतिरिक्त कमिश्नर, चार जॉइंट कमिश्नर, 22 डिप्टी कमिश्नर और 46 असिस्टेंट कमिश्नर स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में तैनात रहेगा. इन सभी के बीच समन्वय के लिए 119 इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी लगाये गये हैं. इसके अलावा, शहर भर में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और क्यूआरटी वैन लगातार गश्त करेंगी. निगरानी के लिए 11 वॉच टावर लगाये गये हैं, जबकि सुरक्षा के लिहाज से 10 सेंट्रल बैंक बंकर तैयार किये गये हैं. इसके साथ ही 12 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग फोर्स और आठ हाई रेडियो फ्रीक्वेंसी सिस्टम (एचआरएफएस) वैन भी इलाके में सक्रिय रहेंगी. गंगा नदी के तटवर्ती इलाकों और जलमार्ग पर सुरक्षा के लिए सात रिवर पेट्रोलिंग फोर्स को तैनात किया गया है, जो नदी और उससे जुड़े ज़मीनी रास्तों पर कड़ी नजर रखेंगी. रेड रोड के साथ-साथ विक्टोरिया मेमोरियल और अलीपुर चिड़ियाघर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गयी है, जहां त्योहार के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है. इसके अलावा शहर के विभिन्न शॉपिंग मॉल, पार्क, छोटे-बड़े होटल और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये गये हैं. शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों और महत्वपूर्ण जंक्शनों पर पुलिस चेकपॉइंट पहले ही सक्रिय कर दिये गये हैं. बाहर से आने वाले लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए होटलों में भी कड़ी जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola