भारी बारिश का कोलकाता एयरपोर्ट पर खासा असर दर्जनों उड़ानें की गयीं रद्द, कई डायवर्ट, कुछ विलंबित

Published by : GANESH MAHTO Updated At : 24 Sep 2025 12:16 AM

विज्ञापन

सोमवार देर रात से महानगर में भारी बारिश के कारण जगह-जगह जल जमाव हो गया. नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी इसका खासा असर देखा गया.

विज्ञापन

कोलकाता एयरपोर्ट के कुछ पार्किंग-बे और हैंगर के सामने भी हुआ जलजमाव छह पंपों की मदद से पानी निकालने का हुआ काम कोलकाता. सोमवार देर रात से महानगर में भारी बारिश के कारण जगह-जगह जल जमाव हो गया. नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी इसका खासा असर देखा गया. हवाई यात्रा भी बुरी तरह प्रभावित हुई. इसके कारण कम से कम 30 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गयीं. 42 उड़ानें विलंबित हुईं, तो कई उड़ानें डायवर्ट कर दी गयीं. मंगलवार सुबह से कोलकाता एयरपोर्ट से आने-जाने वाले अधिकांश विमान अपने निर्धारित समय से विलंबित रहे. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, भारी बारिश के कारण कोलकाता एयरपोर्ट पर प्रतिकूल मौसम के कारण कई उड़ानें रद्द की गयीं. अधिकारियों ने लगातार बारिश और सीमित दृश्यता को प्रमुख सुरक्षा चिंता बताया. सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की पटना और भुवनेश्वर जाने वाली उड़ानें रद्द की गयीं. सोमवार देर रात पुणे से आयी इंडिगो की एक फ्लाइट को खराब मौसम के चलते ही कोलकाता में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और उसे भुवनेश्वर डायवर्ट कर दिया गया. इस तरह कई उड़ानें डायवर्ट हुईं, तो कई विलंबित हुईं. कोलकाता एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि 30 से अधिक उड़ानें रद्द की गयीं, 42 उड़ानें विलंबित हुईं. हवाई यात्रा में और अधिक व्यवधान आने की आशंका है क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने आने वाले दिनों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है, जिसका कारण बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र है. इधर, सोमवार रात भर हुई भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह कोलकाता हवाई अड्डे के कुछ पार्किंग-बे और हैंगर के सामने पानी भर गया था, जिसे छह पंपों की मदद से निकालने का काम किया गया. इस कारण कोलकाता से दूसरे विभिन्न गंतव्यों को जानेवाली और विभिन्न गंतव्यों से कोलकाता आनेवाली उड़ानों में काफी विलंब हुआ. लगातार बारिश के कारण पूरे शहर में जल जमाव के कारण कई यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में भारी परेशानी हुई. यहीं नहीं यहां तक कि पायलटों और कॉकपिट क्रू सदस्यों के देर से पहुंचने के कारण कई विमानों ने विलंब से उड़ान भरी. हल्दीराम के पास वीआइपी रोड पर पानी भरने से परिवहन सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं. कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक प्रवत रंजन बेउरिया ने कहा कि यात्री, कैप्टन और चालक दल समय पर हवाई अड्डे पर नहीं पहुंच सके. दो-तीन उड़ानें रद्द की गयीं हैं. सभी उड़ानें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं. रात भर हुई भारी बारिश के कारण हवाई अड्डे के अंदर भी कुछ जगहों पर पानी जमा हो गया था. मंगलवार सुबह से हवाई अड्डे के अंदर जमे पानी को निकालने के लिए छह पंपों का इस्तेमाल किया गया है. हालांकि, हवाई अड्डे के अंदर स्थिति कुल मिलाकर सामान्य है. हवाई अड्डे का रनवे भी सामान्य है. लेकिन पायलट और अन्य फ्लाइट अटेंडेंट्स के समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण उड़ानें विलंबित हुईं. इधर, स्पाइस जेट से लेकर इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने विमान सेवा प्रभावित होने की आशंका जताते हुए अपने यात्रियों को सतर्क किया. यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए समय से पहले निकलने और अपने विमान का अपडेट स्टेटस देखकर निकलने की सलाह दी गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola