ePaper

बंगाल भाजपा के लिए ताबूत में आखिरी कील होगा : ममता

Updated at : 30 Apr 2019 2:08 AM (IST)
विज्ञापन
बंगाल भाजपा के लिए ताबूत में आखिरी कील होगा : ममता

भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं केंद्रीय बल कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को मतदान के दौरान दुबराजपुर के बूथ पर केंद्रीय बल द्वारा गोली चलाये जाने पर कड़ी आपत्ति जतायी है. उत्तर 24 परगना के बागदा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि बीरभूम के […]

विज्ञापन

भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं केंद्रीय बल

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को मतदान के दौरान दुबराजपुर के बूथ पर केंद्रीय बल द्वारा गोली चलाये जाने पर कड़ी आपत्ति जतायी है. उत्तर 24 परगना के बागदा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि बीरभूम के दुबराजपुर में सीआरपीएफ के जवान ने गोली चलायी है.

केंद्रीय वाहिनी केवल मतदान केंद्र के दरवाजे पर रह सकते हैं. बूथ के अंदर घुसने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है. यदि वे परेड भी करेंगे, तो राज्य पुलिस को साथ लेकर करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय वाहिनी भाजपा की मदद कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल भाजपा के लिए ताबूत में आखिरी कील साबित होगा.

ममता ने कहा कि यह दिल्ली के लिए चुनाव है. राज्य पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा रहा है. चोरी, डकैती होने पर राज्य पुलिस संभालती है, लेकिन वोट के लिए राज्य पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा रहा है. केंद्रीय बल की निगरानी में वोट कराया जा रहा है, लेकिन कानून व्यवस्था राज्य का विषय है. कानून-व्यवस्था में केंद्र सरकार हस्तक्षेप नहीं कर सकती है. सुश्री बनर्जी ने एनआरसी का विरोध करते हुए कहा कि एनआरसी से असम में 40 लाख लोगों के नाम हटा दिये गये हैं. इसमें 22 लाख हिंदू हैं. असम से बंगालियों को भगाया जायेगा, तो बंगाल में उन्हें शरण दिया जायेगा.

भाजपा कहती है कि बंगाल में एनआरसी लागू किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बंगाल में एनआरसी लागू करके दिखा दें, उसके बाद देखें क्या होता है. सुश्री बनर्जी ने कहा कि भाजपा हिंदू और मुस्लिम में, आदिवासी और दलित में झगड़ा लगाने की साजिश कर रही है, लेकिन राज्य के लोग एक हैं. मोदी बाबू ने कहा था कि अच्छे दिन आयेंगे, लेकिन साढ़े चार वर्ष केवल विदेश घूमते रहे और अब चुनाव के समय बसंत का कोकिल हो गये हैं और वोट मांगने आ गये हैं, लेकिन राज्य में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी. भाजपा को राज्य और देश में पूरी तरह से पराजय मिलेगी. उन्होंने कहा कि माकपा, कांग्रेस और भाजपा सभी एक हैं.

तृणमूल इन तीनों के खिलाफ लड़ाई कर रही है. केवल तृणमूल कांग्रेस ही इनके खिलाफ लड़ाई कर रही है. कोई भी हमें ‍धमका नहीं सकता है. उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि राज्य में पूजा करने नहीं दिया जाता है, लेकिन मोदी बाबू ने पांच वर्ष में राम मंदिर नहीं बना सके, लेकिन बंगाल के गली-गली में मंदिर हैं और घर-घर में पूजा होती है. भाजपा हिंदुत्व का अपमान कर रही है. हिंदुत्व को बदनाम कर रही है. उन्होंने कहा कि वह सब समय बड़ो मां के साथ थीं, लेकिन चुनाव आते ही भाजपा को मतुआ संप्रदाय की याद आयी है, लेकिन मतुआ संप्रदाय पूरी तरह से तृणमूल कांग्रेस के साथ है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola