सागरद्वीप : 27 लाख श्रद्धालुओं ने लगायी मोक्ष की डुबकी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 15 Jan 2019 6:36 AM

विज्ञापन

शिव कुमार राउत, सागरद्वीप : मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक परंपरा की अद्भुत छटा गंगासागर के तट पर अठखेलियां करती नजर आयीं. वातावरण में गूंजता महामृत्यंुजय मंत्र के बीच भवसागर से मुक्ति की चाह में बुजुर्ग, युवा, बच्चे, महिलाएं, नवजात व दिव्यांगों समेत लगभग 27 लाख श्रद्धालुओं ने संक्रांति स्नान किया. राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत […]

विज्ञापन
शिव कुमार राउत, सागरद्वीप : मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक परंपरा की अद्भुत छटा गंगासागर के तट पर अठखेलियां करती नजर आयीं. वातावरण में गूंजता महामृत्यंुजय मंत्र के बीच भवसागर से मुक्ति की चाह में बुजुर्ग, युवा, बच्चे, महिलाएं, नवजात व दिव्यांगों समेत लगभग 27 लाख श्रद्धालुओं ने संक्रांति स्नान किया.
राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने बताया कि ‘सोमवार को करीब 26 से 27 लाख तीर्थयात्रियों ने गंगासागर में स्नान किया, जबकि मंगलवार को और चार से पांच लाख लोग सागरद्वीप पहुंच सकते हैं.
श्री मुखर्जी ने बताया कि प्रशासन 35 लाख तक पुण्यार्थियों को संभालने में सक्षम है. सभी श्रद्धालुओं का स्वागत है. उनकी समुचित व्यवस्था के लिए ‘शासन तत्पर है. इतना ही नहीं किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं.
फायर ब्रिगेड यूनिट समूचे मेले परिसर में चप्पे-चप्पे पर तैनात है. प्रशासन की ओर से मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की हर संभव तैयारी की गयी है. श्री मुखर्जीं ने कहा, हमें आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि गंगासागर मेला विश्व के मानचित्र पर भारत की उज्जवल छवि प्रस्तुत करेगा. मौके पर राज्य के बिजली मंत्री ‘शोभनदेव चट्टोपाध्याय, युवा कल्याण मामलों के मंत्री अरूप विश्वास, सांसद मनीष गुप्ता, डीएम वाई रत्नाकर राव समेत अन्य उपस्थित थे.
स्नान की दादी की इच्छा नवजात पोते ने की पूरी
बिहार से अपने एक साल के बेटे मोहित को गंगास्नान कराते हुए सुशीला ने कहा, मेरी सासू मां ने मोहित के जन्म के बाद गंगा स्नान की मन्नत मांगी थी. इसी साल अगस्त में वह परलोक सिधार गयीं. उन्हीं की इच्छा को पूरा करने के लिए हम यहां पहुंचे हैं. अन्य दूसरे नवजातों ने भी यहां डुबकी लगायी.
यूरोप की एलके ने कहा ‘इंडिया की जय हो’
यूरोप की एलके गंगासागर में आकर काफी प्रसन्न थी. वह बार-बार इंडिया की जय हो का नारा लगा रही थी. उसने बताया, मैं आध्यात्मिक पर्यटन के तौर पर भारत आयी हूं. सागर देखने व नहाने की बड़ी इच्छा थी.
वहीं पड़ोसी देश नेपाल, चीन से पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है ‘अंततः सारी नदिया तो सागर में समाती हैं, लेकिन गंगा ही विश्व की एकमात्र नदी है, जिसके नाम से सागर जाना जाता है. यहां मेले में हाइजीन व सैनिटेशन की व्यवस्था देखकर हमें बहुत खुशी हुईं. रियली इंडिया इज द ग्रेट!
बेटियों ने मंत्र पढ़ कर कराये गोदान
सागर तट पर इस बार बेटियां भी मंत्रोच्चारण के साथ गो-दान करवाती दिखीं. सोनारपुर से पहुंची 11वीं क्लास की रूपा बताती हैं संस्कृत उनका प्रिय विषय हैं. अपने पिताजी से उन्होंने कर्मकांड की शिक्षा ली. पिताजी के साथ पूजा-पाठ भी कराने जाती हैं. गंगासागर एक धार्मिक मेला है. यहां थोड़ी बहुत दक्षिणा मिल जायेगा, जिससे मैं आगे की पढ़ाई अच्छे से कर सकूंगी.
जनसैलाब को संभालने में कमजोर रहे बांस के बैरिकेड
तीर्थयात्रियों का काफिला कपिल मुनि के आश्रम में पूजा-अर्चना को चल पड़ा. पूजा परिसर में जनसैलाब को कतार में बांधने के लिए बांस के बने बैरिकेड़ कमाजोर साबित हुए. जगह-जगह से बांस के टूटने से कतार बिखर गया. जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी
बहुत जल्द गंगासागर घोषित होगा निर्मल मेला
श्री सुब्रत मुखर्जी ने बताया कि क्लीन व ग्रीन मेला के अयोजन के लिए साफ- सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इस बार मेले में करीब ढाई लाख अस्थायी शौचालय का निर्माण किया गया है. वहीं मेले परिसर की 24 घंटे सफाई की जा रही है. ऐसे में हम बहुत जल्द गंगासागर को निर्मल मेला घोषित कर सकेंगे.
सीएम रख रही हैं पल-पल की खबर
मंत्री ने कहा कि गंगासागर मेले के संबंध में हर जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रख रही हैं. वह डीएम तथा यहां उपस्थित अन्य आला अधिकारियों व मंत्रियों के साथ लगातार संपर्क में हैं.
स्थानीय दुकानदार नाखुश
मंत्री का दावा है कि गंगासागर मेले के कारण मेला परिसर में दुकानदारों की अच्छी कमाई हो रही है, लेकिन स्थानीय दुकानदार और व्यवसायियों की माने तो इस बार अर्द्ध कुंभ के कारण तीर्थयात्री कम आये हैं, जिससे कारण उनकी कमाई पिछले साल की तरह नहीं हुई.
40 गिरफ्तार, 87 लापता
डीएम वाई रत्नाकर राव ने बताया कि अब तक विभिन्न मामलों में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सोमवार तक 87 पुण्यार्थी लापता हुए है. इनमें से कुछ को उनके परिजनों तक पहुंचा भी दिया गया है.
175 वीवीआइपी पहुंचे सागर तट
श्री मुखर्जी ने बताया कि संगम स्थल पर स्नान के लिए अब तक करीब 176 वीवीआईपी (खास व्यक्ति) पहुंच चुके हैं. हलांकि उन्होंने किसी वीवीआइपी का नाम नहीं लिया.
सागर मेले में हुई एक मौत
गंगास्नान के लिए पहुंचे सागर मेले में हार्ट अटैक से एक की जान चली गयी. मृतक का नाम दामोदर जादव (64) है, जो मध्यप्रदेश के रहने वाले थे. मेला परिसर में ही बीमार पड़ गये थे. इसके बाद उन्हें सागर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिलाधिकारी के अनुसार हार्ट अटैक के कारण दामोदर की मौत हुई है. मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola