फालता में बीजेपी की प्रचंड जीत, एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीते देबांग्शु पांडा

फालता से जीत दर्ज करने वाले बीजेपी उम्मीदवार, फोटो एक्स
Falta Result: यह सीट पहले टीएमसी के पास थी और यह इलाका टीएमसी के बड़े नेता अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है. ऐसे में बीजेपी का यहां इतने बड़े अंतर से जीतना पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा संदेश है.
मुख्य बातें
Falta Result: कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फालता विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने जीत हासिल कर ली है. यह वो सीट है जहां पहले टीएमसी का कब्जा था, लेकिन इस बार चुनाव में इतनी गड़बड़ी हुई कि पूरा मतदान रद्द करना पड़ा और दोबारा वोटिंग करानी पड़ी. दोबारा हुई वोटिंग की मतगणना में बीजेपी ने 1 लाख से अधिक वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है.
किसे कितने वोट मिले
मतगणना में पहले नंबर पर बीजेपी के देबांग्शु पांडा रहे और उन्होंने जीत हासिल की. उन्हें कुल 1,49,666 वोट मिले. दूसरे नंबर पर सीपीएम के संभू नाथ कुर्मी रहे और उन्हें 40,645 वोट मिले. तीसरे नंबर पर कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला रहे और उन्हें 10,084 वोट मिले. और चौथे नंबर पर टीएमसी के जहांगीर खान रहे, जिन्हें बेहद कम वोट मिले. टीएमसी उम्मीदवार को महज 7,783 वोट मिले दिलचस्प बात यह है कि जहांगीर खान ने दोबारा वोटिंग से पहले ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया था.
विधानसभा में भाजपा सदस्यों की संख्या 208 हुई
यह नतीजा पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है. फालता में बीजेपी की जीत के साथ, बंगाल में उसकी सीटों की संख्या 207 से बढ़कर 208 हो गई है, हालाँकि, भवानीपुर सीट अपने पास रखने के बाद अधिकारी द्वारा नंदीग्राम सीट खाली कर दिए जाने के कारण, विधानसभा में पार्टी की प्रभावी संख्या में कोई बदलाव नहीं आएगा.
ढह गया तृणमूल का गढ़
फलता वो विधानसभा सीट है, जो पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में आती है. यह इलाका टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंदर पड़ता है. यानी यह टीएमसी का गढ़ माना जाता था. नतीजों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि फिर से वोटों की चोरी की गई. साथ ही आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों के लोग भाजपा के एजेंट बनकर मतगणना केंद्र के अंदर गए.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मुख्यमंत्री ने दिया जनता को धन्यवाद
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी की जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ अब ‘तृणमूल का लॉस मॉडल’ बन गया है. उन्होंने फलता की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोगों ने भारी वोटों से बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा को जिताया है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने लोगों से 1 लाख वोटों से जीत दिलाने की अपील की थी और जीत का अंतर 1 लाख 8 हजार से ज्यादा रहा. साथ ही कहा कि बीजेपी विकास के जरिए इस भरोसे का जवाब देगी और ‘गोल्डन फलता’ बनाएगी.
Also Read: फालता में भाजपा की बंपर जीत, शुभेंदु अधिकारी बोले- विकास के माध्यम से चुकायेंगे यह ऋण
देबांग्शु बोले- अभिषेक आयें तो मछली-भात खिलाऊंगा
दक्षिण 24 परगना के फालता विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर चुके भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान उर्फ ‘पुष्पा’ पर तीखा तंज कसा है. मीडिया से बातचीत में भाजपा उम्मीदवार पांडा ने कहा- ऐसा सुनने में आया था कि अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि चुनाव परिणाम के बाद मुझे मछली बेचनी पड़ेगी. अब मैं उनसे कहना चाहता हूं कि चुनाव के बाद अगर वह फालता आयें, तो मैं उन्हें मछली-भात जरूर खिलाऊंगा. जहांगीर खान पर निशाना साधते हुए पांडा ने कहा- जो खुद को ‘पुष्पा’ बताते थे, जनता उन्हें जवाब दे रही है. चुनाव परिणाम सबकुछ साफ कर दिया.
Also Read: फालता की हार के बाद ममता बनर्जी का संदेश, 24 दिनों की चुप्पी के बाद कही ये बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










