गुजरात में बिहार व यूपी के लोगों पर हमला, बोलीं ममता, भाजपा शासित राज्यों में अराजकता का माहौल

Published at :09 Oct 2018 8:00 PM (IST)
विज्ञापन
गुजरात में बिहार व यूपी के लोगों पर हमला, बोलीं ममता, भाजपा शासित राज्यों में अराजकता का माहौल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में जिस भी राज्य में भाजपा की सरकार है, वहां अराजकता का माहौल है. गुजरात में बिहार, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के रहनेवाले लोगों पर हो रहे लगातार हमले की निंदा […]

विज्ञापन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में जिस भी राज्य में भाजपा की सरकार है, वहां अराजकता का माहौल है.

गुजरात में बिहार, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के रहनेवाले लोगों पर हो रहे लगातार हमले की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार की स्थिति देश में कभी भी पैदा नहीं हुई. हर एक राज्य का नागरिक, देश के किसी भी राज्य में रह सकता है, लेकिन जिस प्रकार से गुजरात में अन्य राज्यों के लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है, यह असहनीय है.गौरतलब है कि गुजरात सरकार के आश्वासनों के बावजूद भी वहां रह रहे बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मजदूर अपनी जान बचाने के लिए अपने-अपने राज्य लौट रहे हैं.

गुजरात को देश का विकसित राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले बिहार व उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के अन्य राज्यों के इन मजदूरों के दिलों दिमाग से डर दूर नहीं हुआ है. गुजरात की इस स्थिति से जहां बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के हजारों लोग बेहद चिंतित हैं, वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी वहां के हालात पर चिंता जतायी है.

मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न भवन में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि गुजरात में जो कुछ भी हो रहा है, वह बेहद खतरनाक और भयानक है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक आदमी की गलती की सजा, उसके पूरे समुदाय को नहीं दी जा सकती है.अगर किसी ने अपराध किया है तो उसे उसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए. इसके विपरीत गुजरात में सभी उत्तर भारतीयों को भागने के लिए कहा जा रहा है, जो ठीक नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल के लोग भी देश के कई राज्यों में रहते हैं. वहीं, कोलकाता में भी विभिन्न धर्म, जाति व राज्य के लोग जिंदगी बसर कर रहे हैं. इनमें से अगर कोई गलत काम या अपराध कर दे तो क्या सभी को यहां से जाना होगा.वहीं, गुजरात में एक आदमी के अपराध की सजा, उसके राज्य के सभी लोगों को दी जा रही है, यह बेहद खतरनाक स्थिति है. गुजरात की वर्तमान स्थिति का मुकाबला करने के लिए सभी को एक साथ आने की अपील करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि सभी को एकजुट होने की जरुरत है, नहीं तो देश में स्थिति और भी बिगड़ती जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola