जिले में 14.81% अल्पसंख्यक फिर भी माइनॉरिटी चेहरा नहीं

सात अप्रैल 2017 को बर्दवान जिले को दो हिस्सों में बांटा गया, एक पूर्व बर्दवान और दूसरा पश्चिम बर्दवान जिला बना. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पश्चिम बर्दवान जिला की कुल आबादी 28,82,031 है.
आसनसोल.
सात अप्रैल 2017 को बर्दवान जिले को दो हिस्सों में बांटा गया, एक पूर्व बर्दवान और दूसरा पश्चिम बर्दवान जिला बना. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पश्चिम बर्दवान जिला की कुल आबादी 28,82,031 है. जिसमें 52 फीसदी पुरुष और 48 फीसदी महिला हैं. इस जनगणना के आधार पर जिला में 84.75 फीसदी आबादी हिंदुओं की, 13.32 फीसदी आबादी मुस्लिमों की, 0.51 फीसदी आबादी सिखों की, 0.44 फीसदी आबादी ईसाइयों की, अन्य अनुसूचित जनजाति 0.44 फीसदी और अन्य 0.54 फीसदी हैं. इस आधार पर जिला में अल्पसंख्यकों की आबादी 14.81 फीसदी है, लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में इनकी भागीदारी नगण्य है. उम्मीदवार के नामों की घोषणा होते ही तृणमूल और भाजपा समर्थकों में जश्न का माहौल है. पटाखे फोड़े गये, गुलाल उड़े, लड्डू बंटे, पूरा उत्सव का वातावरण रहा, पर किसी कोने में कहीं खामोशी रही.राज्य के दो मुख्य राजनीतिक दलों ने अल्पसंख्यकों को किया नजरअंदाज
तृणमूल ने जिला में सभी नौ सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. जिसमें बाराबनी से विधान उपाध्याय, कुल्टी से अभिजीत घटक, जामुड़िया से हरेराम सिंह, आसनसोल उत्तर से मलय घटक, आसनसोल दक्षिण से तापस बनर्जी, रानीगंज से कालोबरन मंडल, पांडवेश्वर से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, दुर्गापुर पूर्व से प्रदीप मजूमदार, दुर्गापुर पश्चिम से कवि दत्ता शामिल हैं. अल्पसंख्यक समुदाय से किसी को जगह नहीं मिली. भाजपा ने नौ में से सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. जिसमें कुल्टी से डॉ. अजय पोद्दार, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल, जामुड़िया से डॉ बिजन मुखर्जी, पांडवेश्वर से जितेंद्र तिवारी, दुर्गापुर पूर्व से चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम से लखन घरुई शामिल है. अल्पसंख्यक से किसी को जगह नहीं मिली. दो सीटों पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं हुई है.
आसनसोल सदर महकमा में अल्पसंख्यक आबादी 19.16%, तो दुर्गापुर में 9.85%
पश्चिम बर्दवान जिला में आसनसोल सदर और दुर्गापुर दो महकमा स्थित है. वर्ष 2011 जनगणना के आधार पर आसनसोल सदर में अल्पसंख्यक आबादी 19.16 फीसदी है. जिसमें 16.93 फीसदी मुस्लिम, 0.57 फीसदी क्रिस्चन और 1.66 फीसदी में बाकी सभी हैं. यहां हिन्दू की आबादी 80.84 फीसदी है. दुर्गापुर महकमा क्षेत्र में 90.15 फीसदी आबादी हिंदू की है. 8.34 फीसदी मुस्लिम, 0.26 फीसदी क्रिश्चियन और 1.26 फीसदी में अन्य सभी हैं.वाममोर्चा ने सात सीटों में से एक अल्पसंख्यक को बनाया उम्मीदवार
वाममोर्चा ने जिला में नौ में से सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, जिसमें एक अल्पसंख्यक है. दुर्गापुर पूर्व से सीमांत चटर्जी, दुर्गापुर पश्चिम से प्रभास साईं, रानीगंज से नारायण बाउरी, आसनसोल दक्षिण से शिल्पी चक्रवर्ती, पांडवेश्वर से प्रबीर मंडल, कुल्टी से फॉरवर्ड ब्लॉक के भवानी आचार्य को और जामुड़िया से मोहम्मद सब्बीर को, जो एक मात्र अल्पसंख्यक उम्मीदवार है. वाममोर्चा के छह उम्मीदवार माकपा से हैं. दो सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




