रानीगंज में महिला सशक्तीकरण को समर्पित ट्रेड शो शुरू

Updated at : 12 Jun 2025 10:00 PM (IST)
विज्ञापन
रानीगंज में महिला सशक्तीकरण को समर्पित ट्रेड शो शुरू

महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और स्थानीय महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से, रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स की महिला शाखा ने गुरुवार से चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन परिसर में दो दिवसीय "ट्रेड शो 2025 " का भव्य उद्घाटन किया.

विज्ञापन

रानीगंज.

महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और स्थानीय महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से, रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स की महिला शाखा ने गुरुवार से चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन परिसर में दो दिवसीय “ट्रेड शो 2025 ” का भव्य उद्घाटन किया. इस अनोखे मेले में रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों से आई महिला उद्यमियों द्वारा हस्तनिर्मित और विभिन्न प्रकार की सामग्रियों के स्टॉल लगाए गए, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के लिए सीधा बाज़ार मिल सके.

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इस अवसर पर आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) के चेयरमैन कवि दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके अलावा, रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रोहित खेतान, चैंबर की महिला शाखा की अध्यक्ष सीए रूबी गढ़वाला, महिला शाखा के सलाहकार अरुण भरतिया, दक्षिण बंगाल के सबसे बड़े वाणिज्यिक संगठन फोसबेकी के अध्यक्ष सचिन राय, समाज सेवी राजेंद्र प्रसाद खेतान, नरेश अग्रवाल, मनोज सराफ, श्याम सुंदर चांदीवाला के मालिक सूंदर भालोटिया प्रदीप बाजोरिया, ओपी बाजोरिया, तथा रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स और उसकी महिला शाखा के तमाम सदस्य उपस्थित थे.सभी आमंत्रित अतिथियों को उत्तरीय ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.

‘स्त्री शक्ति’ डायरेक्टरी का विमोचन : महिला उद्यमियों को नयी पहचान

इस महत्वपूर्ण अवसर पर, ‘स्त्री शक्ति’ नामक विशेष डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया. यह डायरेक्टरी उन सभी महिला उद्यमियों की विस्तृत जानकारी समेटे हुए है, जो अपने प्रयासों से विभिन्न उद्योग चला रही हैं. यह पहल महिला उद्यमियों की पहचान को समाज के सामने लाने और उनके व्यवसायों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

रानीगंज चेंबर ऑफ कॉमर्स की महिला शाखा की अध्यक्ष सीए रूबी गढ़वाला ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है. उन्होंने गर्व से कहा कि यह लगातार तीसरा वर्ष है जब इस तरह का आयोजन किया जा रहा है. इस बार, रानीगंज और आसपास के क्षेत्र से लगभग 30 महिला उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जगह की कमी के कारण कई इच्छुक महिला उद्यमी स्टॉल नहीं लगा पाईं, लेकिन भविष्य में इस आयोजन को और बड़े पैमाने पर करने की योजना है. उन्होंने “स्त्री शक्ति ” डायरेक्टरी को सिर्फ एक निर्देशिका नहीं, बल्कि एक आंदोलन बताया, जो कार्यरत महिलाओं की पहचान और उपलब्धियों को समाज के सामने लाता है.

एडीडीए चेयरमैन कवि दत्ता ने की अपील, अन्य चेंबर भी लें प्रेरणा

मुख्य अतिथि कवि दत्ता ने रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में आकर प्रसन्नता व्यक्त की और महिला उद्यमियों को आगे लाने के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की. उन्होंने जोर दिया कि ऐसी पहल केवल रानीगंज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी इसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि महिलाएं अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित हों. उन्होंने बताया कि वह स्वयं दुर्गापुर चैंबर ऑफ कॉमर्स से जुड़े हुए हैं और वहां भी महिला शाखा बनाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे. कवि दत्ता ने पिछले साल दुर्गापुर में अड्डा द्वारा आयोजित “दुर्गापुर सम्मान ” का भी जिक्र किया, जिसमें शीर्ष तीन सम्मानित उद्यमी महिलाएं थीं. उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यदि अवसर प्रदान किया जाए तो महिलाएं किसी भी क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ सकती हैं.उन्होंने आसनसोल, दुर्गापुर, रानीगंज सहित कोयलांचल की सभी महिला संगठनों को एक मंच प्रदान करने का भी आश्वासन दिया.

रानीगंज चेंबर के अध्यक्ष रोहित खेतान ने अपने स्वागत भाषण में इस आयोजन को महिला उद्यमिता के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब केवल प्रोत्साहन नहीं, बल्कि एक सशक्त मंच की आवश्यकता है, और चैंबर हमेशा उनके व्यावसायिक सफर में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा.

सलाहकार अरुण भरतिया ने अतिथियों का स्वागत किया। वरिष्ठ उद्योगपति राजेंद्र प्रसाद खेतान ने ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया. भावेश प्रकाश (रीजनल मैनेजर, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), सुंदर भलोटिया (सीईओ, श्याम सुंदर चांदीवाला), मनोज सराफ (अध्यक्ष, उखरा चैंबर ऑफ कॉमर्स), और सचिंद्रनाथ राय (अध्यक्ष, फोसबेकी) ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की. उद्योगपति नरेश अग्रवाल ने सुझाव दिया कि महिलाएं केवल उद्योग-धंधे ही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी संगोष्ठी के माध्यम से मेधावी छात्रों का सहयोग करें.

मौके पर प्रायोजकों जैसे बाबा इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के रवींद्र चौधरी, श्याम एग्रो के रोहित खेतान, हनुमंता एग्रो के शरद कानोरिया और मनपसंद मसाले के प्रदीप बाजोरिया को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का प्रतिवेदन सचिव अरुमय कुंडू ने प्रस्तुत किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR

AMIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola