लापता 6 वर्षीय बच्चे का शव बरामद, इलाके में शोक और आक्रोश

Updated:
विज्ञापन
जांच करने पहुंची पुलिस की टीम  शोक में डुबे परिवार से बात करते पड़ोसी | Prabhat Khabar Network

जांच करने पहुंची पुलिस की टीम शोक में डुबे परिवार से बात करते पड़ोसी | Prabhat Khabar Network

आसनसोल के तुरीपाड़ा इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. एक दिन से लापता 6 वर्षीय ऋत्विक रुज का शव घर के पास जंगल में मिला है. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है.

विज्ञापन

आसनसोल. आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 54 स्थित तुरीपाड़ा इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. एक दिन से लापता छह वर्षीय मासूम ऋत्विक रुज का शव रविवार सुबह घर के पास स्थित जंगल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, डीसीपी (सेंट्रल) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया. मृतक के पिता छोटू रुज ने बताया कि शनिवार सुबह से उनका बेटा लापता था. वह और उनकी पत्नी पूर्णिमा रुज काम के सिलसिले में घर से बाहर थे.

आसपास के इलाकों में हुई थी खोज

लौटने पर बेटे के नहीं मिलने पर परिजनों और पड़ोसियों के साथ आसपास के इलाके, तालाब और जंगल में काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे आसनसोल दक्षिण थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रातभर परिवार के साथ कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन बच्चा नहीं मिला.

शनिवार से था लापता

रविवार सुबह घर के नजदीक जंगल से बच्चे का शव बरामद हुआ. परिवार का आरोप है कि जिस जंगल से शव मिला, वहां शनिवार को भी पुलिस और स्थानीय लोगों ने तलाश की थी, लेकिन उस समय वहां बच्चा नहीं था. ऐसे में शव वहां कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.

औंधे मुंह पड़ा था शव

बच्चे के दादा बाबू रुज ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि शनिवार रात पुलिस के साथ परिवार ने कई जगह तलाश की थी, लेकिन रविवार सुबह जंगल से शव मिलने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर बच्चे का शव औंधे मुंह पड़ा था और उसके सिर पर रेत लगी हुई थी. हालांकि उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.

जांच के बाद मौत का कारण होगा उजागर

स्थानीय भाजपा नेता अंकुर राय ने कहा कि गुमशुदगी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रातभर खोजबीन की. उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी, इसलिए किसी भी तरह की जल्दबाजी में टिप्पणी करने के बजाय पुलिस को निष्पक्ष जांच का अवसर दिया जाना चाहिए.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

लोगों में प्रशासन को लेकर गुस्सा

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है.

Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र


विज्ञापन
Santosh Vishwakarma

लेखक के बारे में

By Santosh Vishwakarma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola