वाराणसी दर्शन से लौट रहा था परिवार, पत्नी-बेटे के सामने बदमाशों ने बरसाईं गोलियां , हत्या के बाद जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
फर्रुखाबाद में युवक की हत्या, घटना स्थल पर पूछताछ करती पुलिस

फर्रुखाबाद में युवक की हत्या, घटना स्थल पर पूछताछ करती पुलिस

UP Crime News: वाराणसी से दर्शन कर लौट रहे एक युवक की उसके परिवार, पत्नी और मासूम बेटे के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह दिल दहला देने वाली घटना फर्रुखाबाद में हाईवे किनारे हुई. बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.

विज्ञापन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. वाराणसी से दर्शन कर अपने परिवार के साथ घर लौट रहे एक युवक की पत्नी और मासूम बेटे के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई. परिवार कुछ पल के लिए हाईवे किनारे एक दुकान पर रुका था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल गोलियों की तड़तड़ाहट पूरे परिवार की जिंदगी बदल देगी. बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

वाराणसी से लौटते वक्त हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद के दयालपुर निवासी अरुण हुड्डा अपनी पत्नी राखी और बेटे के साथ वाराणसी दर्शन करने गए थे. रविवार रात करीब 9 बजे जब परिवार कार से वापस लौट रहा था, तब फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित पांचाल घाट के पास एक किराना दुकान पर गाड़ी रोकी गई. अरुण दुकान से कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदकर बाहर आए. वह कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाल रहे थे और पत्नी को देने ही वाले थे कि तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी.

कार से उतरे बदमाश, बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार से उतरे हमलावर सीधे अरुण की ओर बढ़े और बिना किसी बहस या कहासुनी के उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही अरुण जमीन पर गिर पड़े. पूरी घटना उनकी पत्नी और मासूम बेटे की आंखों के सामने हुई. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

पत्नी-बेटे के सामने चली गोलियां, मच गया हड़कंप

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल अरुण को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान की कोशिश शुरू कर दी.

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी से तलाश

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि मृतक वाराणसी से परिवार के साथ फरीदाबाद लौट रहा था. दुकान पर सामान खरीदने के दौरान दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं और कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं.

जल्द खुलासे का दावा

फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.

Also Read: मुजरे की महफिल में लखनऊ के पंचायत सचिव! सदगुरू प्रसाद दार्शनिक का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल


विज्ञापन
Lucky Kumari

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola