लखनऊ में खुलेगी यूपी की पहली 'शौर्य अकादमी', अग्निवीर से NDA तक की तैयारी होगी फ्री, जानें क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
लखनऊ में बनेगी यूपी की पहली शौर्य अकादमी
UP News: लखनऊ में युवाओं के लिए 'शौर्य अकादमी' खुल रही है, जहाँ वे अग्निवीर, NDA, सेना और अन्य सशस्त्र बलों की भर्ती की तैयारी बिल्कुल मुफ्त कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना है.
UP News: लखनऊ में युवाओं को सेना और सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कराने के लिए शौर्य अकादमी खोली जाएगी. छावनी परिषद प्रशासन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से यह अकादमी शुरू करेगा. इसके लिए कैंट के रजमन बाजार में जमीन भी चिन्हित कर ली गई है. उत्तर प्रदेश में यह इस तरह की पहली अकादमी होगी.
अग्निवीर से NDA तक की होगी तैयारी
शौर्य अकादमी में अग्निवीर के साथ-साथ सेना, पुलिस और दूसरे सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारी कराई जाएगी. युवाओं को विशेष कोचिंग, फिजिकल ट्रेनिंग और जरूरी मार्गदर्शन दिया जाएगा. इसके अलावा NDA जैसी लिखित परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञों को भी तैनात किया जाएगा. यानी युवाओं को भर्ती की तैयारी के लिए अलग-अलग जगहों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
SSB इंटरव्यू से लेकर ग्रुप डिस्कशन तक ट्रेनिंग
अकादमी में सिर्फ लिखित परीक्षा की तैयारी ही नहीं होगी. परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (SSB) के इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और पब्लिक स्पीकिंग जैसी चयन प्रक्रिया के लिए भी तैयार किया जाएगा. युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर भी खास ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे भर्ती की अलग-अलग चरणों की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें.
ट्रेनिंग के साथ रहने की भी होगी व्यवस्था
शौर्य अकादमी में युवाओं के लिए क्लास रूम, ट्रेनिंग ग्राउंड और हॉस्टल की सुविधा विकसित की जाएगी. खास बात यह है कि यहां तैयारी के लिए युवाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. सेना से रिटायर हुए अधिकारी और प्रशिक्षक युवाओं को ट्रेनिंग देंगे. इससे उन्हें सेना में भर्ती और चयन प्रक्रिया से जुड़े अनुभव का भी फायदा मिलेगा.
प्रतिभावान और जरूरतमंद युवाओं को मिलेगा मौका
लखनऊ में सेना में अग्निवीर बनने, NDA और सशस्त्र बलों की भर्ती की तैयारी के लिए पहले से कई निजी अकादमियां चल रही हैं. हालांकि, सरकारी स्तर पर इस तरह की पहल पहले नहीं हुई थी. शौर्य अकादमी के जरिए प्रतिभावान और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को भी बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा. छावनी परिषद के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा के मुताबिक, रजमन बाजार में अकादमी की स्थापना के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है.
NSDC और छावनी परिषद के बीच हुआ समझौता
शौर्य अकादमी को लेकर पिछले दिनों राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और छावनी परिषद प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर भी किए गए हैं. इसी सहयोग के तहत युवाओं को भर्ती की तैयारी के लिए जरूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा अग्निवीर बनने का उत्साह
युवाओं में अग्निवीर बनने को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है. पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना में भर्ती को लेकर युवाओं की दिलचस्पी और बढ़ी है. इस साल सेना की वेबसाइट पर अग्निवीर के अलग-अलग पदों के लिए उत्तर प्रदेश के छह भर्ती मुख्यालयों के तहत आने वाले जिलों से करीब 4.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था.
वाराणसी भर्ती मुख्यालय के तहत सबसे ज्यादा आवेदन
सबसे ज्यादा करीब 1.19 लाख आवेदन सेना भर्ती मुख्यालय वाराणसी के तहत आने वाले पूर्वांचल के 12 जिलों से आए. इनमें गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया और देवरिया समेत अन्य जिले शामिल हैं. वहीं, सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ के अंतर्गत आने वाले लखनऊ, फतेहपुर, चित्रकूट, कानपुर देहात, हमीरपुर, उन्नाव, गोंडा, बांदा, कन्नौज, महोबा, औरैया और बाराबंकी से करीब 54,600 आवेदन किए गए. ऐसे में लखनऊ में बनने वाली शौर्य अकादमी उन युवाओं के लिए अहम साबित हो सकती है, जो सेना, अग्निवीर, NDA और अन्य सशस्त्र बलों में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे हैं.
Also Read:UP में है घर? तो बिजली बिल होगा जीरो, सरकार देगी ₹1 लाख.... जानें कैसे मिलेगा फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए