बर्दवान विस्फोट: जांच में मिली बड़ी कामयाबी, इनामी शाहनूर गिरफ्तार
गुवाहाटी/कोलकाता: बर्दवान में हुए विस्फोट मामले में सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है. असम पुलिस की विशेष संचालन इकाई ने मामले के मुख्य संदिग्ध शाहनूर आलम को नलबाड़ी जिले से शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को उसे कामरूप की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की […]
गुवाहाटी/कोलकाता: बर्दवान में हुए विस्फोट मामले में सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है. असम पुलिस की विशेष संचालन इकाई ने मामले के मुख्य संदिग्ध शाहनूर आलम को नलबाड़ी जिले से शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को उसे कामरूप की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
आलम पर आतंकवादी समूह जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश(जेएमबी) के लोगों को कथित रूप से भड़काने और प्रशिक्षित करने का आरोप है. इसके साथ ही इस मामले में असम में गिरफ्तार किये गये लोगों की संख्या दस हो गयी है.
असम पुलिस के महानिदेशक खगेन सरमा ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि आलम को नलबाड़ी जिले में लारकुछी गांव से गिरफ्तार किया गया. वह अब तक असम, मेघालय और बांग्लादेश के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले इलाके में कई स्थानों पर छुपता घूम रहा था. वह बारपेटा जिले के छटाला गांव का रहने वाला है. उसने जेएमबी के भारतीय नेटवर्क के लिए धन का प्रबंध किया था. वह लोगों को बहकावे में लेने में माहिर है. उसने असम व पश्चिम बंगाल में ‘लोगों को प्रेरित करने का प्रशिक्षण’ हासिल किया था. शाहनूर आलम पर एनआइए ने पांच लाख का इनाम घोषित कर रखा था. धमाके से पूर्व वह नियमित रूप से बर्दमान आता-जाता था. उसके पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश में जेएमबी के नेताओं के साथ अच्छे संबंध थे. दंत चिकित्सा में पैरा मेडिकल प्रशिक्षण प्राप्त आलम को जेएमबी में ‘इलियास’ नाम दिया गया था. गौर तलब है कि बर्दवान के खागड़ागढ़ में दो अक्तूबर को हुए धमाके में दो संदिग्ध आतंकवादी मारे गये थे. बम बनाते समय दुर्घटनावश विस्फोट होने से यह घटना हुई थी.
पांच और की तलाशी
डीजीपी ने कहा, हम इस मामले से जुड़े और पांच महत्वपूर्ण लोगों को तलाश रहे हैं. इसमें जेएमबी की पांच महिला सदस्य भी हैं. जेएमबी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के साथ संबंधों के बारे में पूछे जाने पर सरमा ने कहा : इसलामी आतंकवाद का हमेशा आइएसआइ से संबंध होता है.
पत्नी पहले से हिरासत में
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पिछले माह आलम की पत्नी सुजना बेगम को हिरासत में लिया था. एनआइए ने उसके बारे में सूचना देने वाले को पांच लाख रुपये का इनाम दिये जाने की भी घोषणा की थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










