बर्दवान स्टेशन से तीन बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार
बर्दवान: बर्दवान थाना पुलिस ने बर्दवान स्टेशन परिसर से तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया. तीनों बांग्लादेशी महिलाएं रविवार की रात मुंबई जाने के लिये ट्रेन का इंतजार कर रही थीं. जबकि उनकी निशानदेही पर उनके मकान मालिक व बर्दवान शहर के सिंह दरवाजा रेड लाइट इलाका निवासी वंशीधर साव व उनके बेटे सारदा साव […]
बर्दवान: बर्दवान थाना पुलिस ने बर्दवान स्टेशन परिसर से तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया. तीनों बांग्लादेशी महिलाएं रविवार की रात मुंबई जाने के लिये ट्रेन का इंतजार कर रही थीं. जबकि उनकी निशानदेही पर उनके मकान मालिक व बर्दवान शहर के सिंह दरवाजा रेड लाइट इलाका निवासी वंशीधर साव व उनके बेटे सारदा साव को गिरफ्तार किया गया है.
महिलाओं के पास से बारासात से बने मतदाता परिचय पत्र, पैन कार्ड तथा मुंबई से बने आधार कार्ड सहित विभिन्न दस्तावेज बरामद किये गये हैं. खागड़ागढ़ बम विस्फोट कांड से इनकी संभावित संलिप्तता को देखते हुए नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) के दो अफसरों ने बर्दवान थाने से संपर्क किया. पुलिस ने सोमवार को इन आरोपियों को बर्दवान जिला अदालत के सीजेएम सलीम अहमद अंसारी की अदालत में पेश किया तथा पूछताछ के लिए कोर्ट से इनकी पुलिस रिमांड की मांग की. जिला पुलिस अधीक्षक एसएचएम मिर्जा ने कहा कि कोर्ट ने दस दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की है.
पुलिस अधीक्षक मिर्जा ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में तसलीमा बीबी, शहनाज बीबी तथा उर्मी बीबी मूलत: जैसोर, बांग्लादेश की निवासी हैं. इस समय वे बर्दवान शहर के सिंह दरवाजा निवासी वंशीधर साव के मकान में किरायेदार के रूप में रह रही थीं. वंशीधर मूलत: गिरिडीह (झारखंड) का निवासी है. सूचना मिलने के बाद तीनों महिलाओं को बर्दवान स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया. तलाशी में तसलीमा बीबी के पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट, बारासात से निर्गत वोटर कार्ड, पैन कार्ड तथा मुंबई (महाराष्ट्र) से तैयार आधार कार्ड बरामद किया गया. जबकि अन्य दो महिलाओं शहनाज बीबी व उर्मी बीबी के पास कोई पासपोर्ट नहीं मिला. पुलिस ने तीनों महिलाओं की गतिविधियों की जांच के लिए पूछताछ शुरू की. इसके बाद मकान मालिक वंशीधर व उनके पुत्र सारदा को गिरफ्तार किया गया. इन्हें कोर्ट में पेश कर दस दिनों की पुलिस रिमांड ली गयी है. खागड़ागढ़ बम विस्फोट कांड के साथ इनके संभावित संबंधों की जांच की जा रही है. इधर, एनआइए अधिकारियों ने भी इन महिलाओं से पूछताछ करने का फैसला किया है.
बर्दवान धमाके से जुड़े म्यांमार के तीन नागरिक पकड़े गये
ढाका/कोलकाता. पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में हुए धमाके के मामले में तीन और संदिग्ध गिरफ्तार किये गये हैं. यह म्यांमार के नागरिक हैं. ये गिरफ्तारियां प्रतिबंधित संगठन जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के 100 से अधिक आतंकवादियों को पकड़ने के लिए सीमाओं पर भारत-बांग्लोदश के संयुक्त अभियान के बीच हुई हैं. ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) के उपायुक्त कृष्ण पद रॉय ने बताया कि ये तीनों रोहिंग्या सॉलिडैरिटी ऑर्गनाइजेशन (आरएसओ) तथा म्यांमार स्थित संगठनों से संबंधित हैं.
इनके पास से पांच डेटोनेटर, बम सामग्री और 500 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किये गये हैं. पुलिस ने कहा कि भारत के साथ खुफिया जानकारी साझा करने के क्रम में ये गिरफ्तारियां हुई हैं. रॉय ने कहा, ‘हमारे पास इसकी जानकारी नहीं है कि वे भारत गये थे या नहीं. हमें संदेह है कि गिरफ्तार किये गये लोगों का बर्दवान धमाके के आरोपियों के साथ नजदीकी संपर्क है.’ उन्होंने कहा, ‘प्रथम दृष्टया, वे बांग्लादेश में दाखिल हुए. वे आतंकी संगठन आरएसओ के साथ जुड़े हैं. उन्होंने मदरसे में पढ़ाई की ताकि वे अपनी गतिविधियों पर परदा डाल सकें.’ पुलिस की खुफिया शाखा के अतिरिक्त उपायुक्त सैदुर रहमान ने कहा, ‘ये लोग रोहिंग्या चरमपंथी हैं. उनका आरएसओ, अरकान रोहिंग्या यूनियन (आरएनयू) और नीदरलैंड स्थित गैर सरकारी संगठन ग्लोबल रोहिंग्या सेंटर (जीआरसी) से ताल्लुक है.’ समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ के अनुसार कहा गया है कि इन तीनों ने यह स्वीकार किया कि बर्दवान विस्फोट के मामले में भारत में गिरफ्तार किया गया खालिद मोहम्मद उनका वैचारिक नेता है. इससे पहले डीएमपी ने मीडिया को बताया कि जेएमबी से जुड़े तीन आतंकवादियों को पकड़ा गया है. इनकी पहचान नूर हुसैन उर्फ रफीकुल इसलाम (26), यासिर अराफात (22) और उमर करीम (25) के रूप में हुई है.
तीनों की गिरफ्तारी बीती रात ढाका के लाल बाग इलाके से की गयी. भारत में अधिकारियों के साथ मुद्दे पर सूचना साझा करने के बाद एक बांग्लादेशी सुरक्षा टीम के लौटने के कुछ देर बाद ही ये गिरफ्तारियां हुई हैं. इसके पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के एक प्रतिनिधिमंडल ने ढाका का दौरा किया था. रविवार को देश लौटने वाले बांग्लादेश प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने संवाददाताओं को बताया कि एनआइए के दल के बांग्लादेश दौरे के दौरान लिये गये फैसले के अनुरुप जेएमबी के 100 से ज्यादा सदस्यों को पकड़ने के लिए दोनों देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पहले ही अपने क्षेत्रों में ऐसे अभियान शुरू कर दिये थे. पिछले महीने जेएमबी के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था जिनमें इसके महिला मोरचे की प्रमुख और बर्दवान विस्फोट के कथित मास्टरमाइंड साजिद की पत्नी भी शामिल है.
बीएसएफ ने सीमा से दस महीने में दबोचे 2394 बांग्लादेशी
कोलकाता: सीमा पर बहादुरी से घुसपैठियों के इरादे पर पानी फेरते हुए इस वर्ष जनवरी से अक्तूबर तक 2394 बांग्लादेशियों को भारत-बांग्लादेश सीमा से दबोचा गया है. सीमा पर अन्य मामलों में अब तक 750 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. हाल में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक बयान पर उनका नाम लिये बगैर साउथ बंगाल बीएसएफ फ्रंटियर के आइजी अनिल पालीवाल ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के प्रहरी 365 दिन में 24 घंटे मुस्तैद हैं. समय के साथ सीमा पर बीएसएफ के जवान निगरानी में और ज्यादा सख्ती बरत रहे हैं. भारत-बांग्लादेश सीमा से इस साल 31 अक्तूबर अब तक 2394 बांग्लादेशी नागरिकों सहित 3144 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
एक दिसंबर को बीएसएफ के 49वें स्थापना दिवस के मौके पर कोलकाता में लॉर्ड सिन्हा रोड स्थित बीएसएफ मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पालीवाल ने कहा कि सिर्फ घुसपैठ रोके का काम ही नहीं, सीमा पर हम हमारे प्रहरी जाली नोट के अलावा सोने की तस्करी पर लगाम कसने के लिए भी मुस्तैद हैं. देश के अन्य सीमा क्षेत्रों की तरह भारत-बांग्लादेश सीमा पर भी बीएसएफ घुसपैठ रोकने के लिए अत्याधुनिक उपकरण ‘नाइट विजन डिवाइस’ का इस्तेमाल करेगी. इस उपकरण के जरिये सीमा पर किसी भी तरह की तस्करी की सूचना बीएसएफ के जवानों को मिलेगी. जिसके बाद वे तुरंत कार्रवाई कर घुसपैठियों को दबोचने में और ज्यादा तत्पर हो सकेंगे. ज्ञात हो कि बर्दवान विस्फोट कांड को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल में आरोप लगाया था कि सीमा पर घुसपैठ रोकने का काम बीएसएफ सही तरीके से नहीं कर रही है. संवाददाता सम्मलेन में डीआइजी एसपी तिवारी के साथ अन्य बीएसएफ अधिकारी मौजूद थे.
कब कितनी गिरफ्तारी
वर्ष लोग
2010 1652
2011 1323
2012 1499
2013 4517
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










