2016 में भाजपा बनायेगी सरकार
हावड़ा: बंगाल में भाजपा समर्थकों के लिए माहौल काफी चुनौतीपूर्ण है. भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को विपरीत माहौल में काम करना पड़ रहा है. हालांकि पिछले वर्षो की तुलना में बंगाल में भाजपा की स्थिति में काफी सुधार हुआ है. हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में यहां की जनता ने भाजपा के प्रति अपना रुख […]
हावड़ा: बंगाल में भाजपा समर्थकों के लिए माहौल काफी चुनौतीपूर्ण है. भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को विपरीत माहौल में काम करना पड़ रहा है.
हालांकि पिछले वर्षो की तुलना में बंगाल में भाजपा की स्थिति में काफी सुधार हुआ है. हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में यहां की जनता ने भाजपा के प्रति अपना रुख काफी हद तक स्पष्ट किया है. स्थिति यह है कि सत्तासीन पार्टी सहित तमाम राजनीतिक पार्टियां बंगाल में भाजपा को रोकने की जुगत में जुट गयी हैं. इसके बावजूद वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी. बंगाल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद काफी सजग हैं. भविष्य में बंगाल के विकास पर केंद्र सरकार की ओर से जोर दिया जायेगा.
उक्त बातें रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कही हैं. वह रविवार को जिला भाजपा (सदर) की ओर से उत्तर हावड़ा के श्री राम वाटिका हॉल में आयोजित सम्मान सभा को संबोधित कर रहे थे.
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक व जिला भाजपा (सदर) के सचिव दीपक राय ने भी अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन तरुण मिश्र ने किया. कार्यक्रम में भाजपा नेता जॉर्ज बेकर, जिला भाजपा अध्यक्ष (सदर) तुषार कांति दास, जिला भाजपा (सदर ) के कोषाध्यक्ष किशन किल्ला, संगठन महामंत्री अमल दा, माइनॉरिटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष शकील अंसारी, भाजपा अनुसूचित जाति मोरचा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक सोनकर, जिला महासचिव माधव देव, कौशिक मुखर्जी, उपाध्यक्ष अनिता हीरावत, अनिल गोयल, सचिव गोरागो भट्टाचार्य, मणिमोहन भट्टाचार्य, कुशल पांडेय, विकास त्रिपाठी, ध्रुव अग्रहरि, गणोश साव, आनंद तिवारी, राजकुमार कुंवर, मनीष अग्रवाल, जिला एसटी मोरचा के रंजीत बालमीकि, विवेक सिंह, जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अंबुज शर्मा व विभिन्न मंडलों से आये पार्टी अध्यक्ष मौजूद थे.
भारत के राजनीतिक इतिहास में एक अमिट छाप छोड़ी
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि लगभग एक वर्ष पहले दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने के दावों का जमकर मखौल उड़ाया जाता था. कहा जाता था कि पूर्वी भारत व दक्षिण भारत में कमजोर आधारवाली इस पार्टी का केंद्र में सरकार बनना मुश्किल है. पर, लोकसभा चुनाव के बाद जो परिणाम सामने आया, उसने देश के राजनीतिक दिशा व दशा को बदल कर रख दिया. आम जनता का भाजपा के प्रति स्पष्ट रुख ने देश में अब तक के किसी भी राजनीतिक दल को मिली बहुमत को धत्ता बताया, बल्कि भारत के राजनीतिक इतिहास में एक अमिट छाप भी छोड़ी है.
103 दिनों में सरकार ने लिये कई महत्वपूर्ण निर्णय
श्री सिन्हा ने कहा कि नयी सरकार के 103 दिनों के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. काले धन पर एसआइटी गठित करने को लेकर लंबित पड़े मामले में त्वरित निर्णय लिया गया. जन धन योजना को पूरे देश में एक साथ लागू किया गया. आजाद भारत में यह पहली ऐसी सरकार है, जिसने इतने कम समय में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये. श्री सिन्हा ने कहा कि अगले पांच वर्ष के दौरान देश को सुनहरा भारत बनाने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार हर संभव प्रयास करेगी.
सरकार ने रेलवे के विकास के प्रयास किये तेज
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे की हालत एक बीमार इकाई की तरह हो गयी है. रेलवे की स्थिति को सुधारने की दिशा में वर्तमान सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है. रेलवे में मौलिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ ही अन्य लंबित मसलों को हल करने पर भी रेल मंत्रलय बल दे रहा है. रेलवे के सतत विकास के लिए इसकी आय को बढ़ाना जरूरी है. मंत्रलय इसके लिए प्रयासरत है. श्री सिन्हा ने कहा कि छपरा व इलाहाबाद के बीच जल्द ही विद्युत चलित ट्रेन सेवा शुरू की जायेगी. 200 करोड़ रुपये की लागत से बनारस कैंट स्टेशन को विकसित किया जायेगा. बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने को लेकर उन्होंने कहा कि इससे देश की आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










